
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : इंटरनेट मीडिया के इंस्टाग्राम रील बनाने और फोटो खिंचवाने के बहाने 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सराफा स्थित सांवेरवाला ज्वैलर्स के मैनेजर को उसकी पुरानी परिचित युवती ने बातों में उलझाया और बैंक में जमा कराने के लिए ले जाए जा रहे 10 लाख रुपये अपनी एक्टिवा की डिक्की में रखवा लिए। इसके बाद युवती घर जाने का बहाना बनाकर रुपये समेत दोपहिया वाहन लेकर फरार हो गई। मामले में एमजी रोड पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार फरियादी अंकित उपाध्याय सराफा स्थित सांवेरवाला ज्वैलर्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। आठ अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे वह शोरूम का 10 लाख रुपये का कलेक्शन बैंक में जमा कराने के लिए दोपहिया से निकला था।
इसी दौरान डीआरपी लाइन के पास भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के गेट पर उसे अपनी पुरानी परिचित आयुषी बागदे उर्फ आयुषी वर्मा मिली। आरोप है कि युवती ने अंकित को रोककर कहा कि वह अक्सर बड़ी रकम बैंक में जमा कराने जाता है। उसने रुपये के साथ फोटो खिंचवाने और इंस्टाग्राम रील बनाने की बात कही।
अंकित ने पहले इनकार कर दिया, लेकिन युवती की जिद और कसम देने पर वह स्नेहलतागंज स्थित उसके घर के पास चला गया। घर के पास पहुंचने पर युवती ने अंकित से 10 लाख रुपये अपनी एक्टिवा की डिक्की में रखने को कहा। उसने भरोसा दिलाया कि रील बनाने के बाद रुपए वापस कर देगी। परिचित होने के कारण अंकित ने रकम डिक्की में रख दी। इसके बाद युवती घर जाने का बहाना बनाकर एक्टिवा लेकर वहां से चली गई और वापस नहीं लौटी।
घटना के बाद अंकित ने अपने मालिक को पूरी जानकारी दी। इसके बाद वह एमजी रोड थाने पहुंचा और टीआई विजय सिसौदिया को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने आवेदन के आधार पर एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवती के संबंध में जानकारी जुटा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में शॉपिंग रिफंड के बहाने ठगी का नया तरीका, फर्जी कस्टमर केयर बनकर लगा रहे चपत