
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : बड़े भाई के साथ खेलने गया रहा 15 वर्षीय कनिष्क अचानक जमीन पर गिर पड़ा। भाई ने उसे संभालने की कोशिश की और सीपीआर भी दिया, लेकिन कनिष्क की जान नहीं बची। घटना स्कीम-78 में शनिवार शाम हुई है। इस घटना से परिवार और गार्डन में टहलने आए लोग स्तब्ध हैं।
लसूड़िया पुलिस के अनुसार बी-ब्लाक स्कीम-78 निवासी कनिष्क बोयत तलावली चांदा स्थित निजी स्कूल में दसवीं का छात्र था और अपने भाई दिव्यांश के साथ शनिवार और रविवार को खेलने जाता था। शनिवार शाम दोनों भाई गार्डन में वार्मअप कर रहे थे।
इसी दौरान कनिष्क अचानक गश खाकर गिर गया। उसे गिरते देख आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। दिव्यांश ने पानी के छींटे दिए लेकिन शरीर में हलचल नहीं हुई। उसने सीपीआर भी दिया लेकिन कनिष्क के शरीर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
रहवासियों की मदद से उसको स्कीम-78 स्थित निजी अस्पताल पहुंचा लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। परिवार के अनुसार कनिष्क सात साल पहले भी दौड़ते समय अचानक गिर गया था। उस समय डॉक्टर ने हार्ट संबंधी समस्या की आशंका जताई थी। दीवाली के बाद उसकी जांच कराने को लेकर भी परिवार में चर्चा चल रही थी। कनिष्क के पिता विक्रांत की करीब 12 साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है।
इंदौर। नई बस्ती (तेजाजी नगर) निवासी 28 वर्षीय अर्जुन लाखा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी अंजलि लाखा के खिलाफ केस दर्ज किया है। मूलत: खोखरिया बरोठा देवास निवासी अंजलि से 26 अप्रेल को ही शादी हुई थी।
तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार अर्जुन के पिता बनेसिंह,भाई राहुल,राजवीर और मां रामकुंवर ने बयान में बताया अंजलि शादी के बाद भी प्रेमी से बात करती थी। पुलिस ने उसके नंबरों की सीडीआर निकाली तो आरोपों की पुष्टि हो गई। वाट्सएप पर भी चैटिंग मिल गई। शनिवार को पुलिस ने अंजलि के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर ली।