
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 पेटी शराब बरामद की है। देव नगर क्षेत्र में पंचमुखी हनुमान मंदिर से आरटीओ की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध हालत में खड़े आयशर वाहन की तलाशी लेने पर शराब की यह बड़ी खेप मिली।
शराब और वाहन जब्त करने के साथ ही अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके शराब कहां से पहुंची थी। दरसअल अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि टीम को देव नगर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया।
टीम ने वाहन को रोककर उसकी विधिवत तलाशी ली। तो वाहन एमपी09 जीएच 2370 से पैरिस रोज प्रीमियम व्हिस्की ब्रांड की 180 एमएल क्षमता वाली शराब की बोतल की करीब 500 पेटियां मिलीं। इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद विभाग ने शराब जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सहायक आबकारी अधिकारी निधी शर्मा का कहना है कि वाहन सड़क किनारे खड़ा था। टीम ने संदिग्ध अवस्था में खडे वाहन की तलाशी ली तो इसमें चालक नहीं मिला।वाहन से शराब की पेटियां बरामद हुई। अब पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही वाहन में शराब परिवहन करने वाले लोगों और इस पूरी खेप से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खेप के पीछे संगठित तस्करी का नेटवर्क हो सकता है। विभाग शराब के स्रोत और गंतव्य की जानकारी जुटाने के साथ ही इससे जुड़े लोगों की कड़ियां जोड़ रहा है। दो दिन में लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई होने से अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों में भी हड़कंप मचा है। गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात बायपास पर एक कंटेनर से 450 पेटी शराब जब्त की गई थी।
यह भी पढ़ें- MP के सनावद में महंगी कार से शराब तस्करी: पुलिस ने दबोचा शातिर अपराधी, 136 लीटर अवैध शराब जब्त