
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश में मानसून के दस्तक देने के साथ ही पर्यटन प्रेमियों के लिए एक शानदार और रोमांचक खबर सामने आई है। प्रदेश की इकलौती और बेहद लोकप्रिय 'पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन' एक बार फिर पटरियों पर लौटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
हेरिटेज कॉरिडोर के चल रहे निर्माण कार्य और नियमित रखरखाव (मेंटेनेंस) के चलते इसका संचालन कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। अब ट्रैक पूरी तरह तैयार है और अगस्त के पहले सप्ताह (1 से 5 अगस्त के बीच) में किसी भी दिन इसका पुनः शुभारंभ हो सकता है।
इस यात्रा को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी यह भी है कि यात्री इस बार संभवतः पारंपरिक कोचों में सफर का आखिरी बार आनंद ले सकेंगे। रेलवे की योजना के अनुसार, भविष्य में इस रूट पर अत्याधुनिक और कांच की छतों वाले 'विस्टाडोम' (Vistadome) कोच लगाए जाएंगे।
पातालपानी से कालाकुंड के बीच का यह रेल मार्ग अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। ट्रेन यात्रा के दौरान यात्री 4 घुमावदार सुरंगों और 29 तीखे मोड़ों से गुजरते हुए प्रकृति के अद्भुत नजारों और घाटियों की हरियाली का अनुभव करते हैं।
मानसून के दौरान इस रूट पर सफर का अनुभव और भी खास हो जाता है। ट्रेन की खिड़कियों से प्रसिद्ध पातालपानी झरना, हरे-भरे पहाड़ और बहते हुए नदी-नाले स्पष्ट दिखाई देते हैं।
शुरुआती चरण में इस हेरिटेज ट्रेन का संचालन केवल वीकेंड (शनिवार और रविवार) को किया जाएगा, जिसके बाद यात्रियों की संख्या को देखते हुए फेरों में बढ़ोतरी की जा सकती है। फिलहाल ट्रेन में कुल 5 कोच जोड़े जाएंगे।
यह भी पढ़ें- दतिया उपचुनाव से पहले पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 14 पुलिस अधिकारियों का तबादला, एसपी ने जारी किए आदेश
इस विशेष ट्रेन में एक एसी कोच और तीन नॉन-एसी कोच शामिल होंगे, जिनमें आरामदायक कुर्सियों की व्यवस्था रहेगी।