इंदौर-उज्जैन की अनूठी परंपरा : गोगा नवमी पर सफाईकर्मियों को अवकाश, वर्ष में एक दिन शहर थामता है झाड़ू
रोज सुबह जिन हाथों की झाड़ू के साथ इंदौर और उज्जैन की सड़कें रात की धूल झाड़कर नई सुबह का स्वागत करती हैं, वे हाथ एक दिन अपने उत्सव के लिए विश्राम करेंगे। तब झाड़ू हाथों से हाथों तक पहुंचेगी।
Publish Date: Fri, 04 Sep 2026 07:37:05 PM (IST)Updated Date: Fri, 04 Sep 2026 07:37:05 PM (IST)
आम नागरिक संभालते हैं सफाई का जिम्मा। (फाइल फोटो)HighLights
- कहीं जनप्रतिनिधि सड़क बुहारेंगे, कहीं व्यापारी अपनी दुकानों के सामने खड़े होंगे
- कहीं विद्यार्थी और सामाजिक संगठन शहर की सफाई का दायित्व संभालेंगे
- सफाई मित्रों का अवकाश होगा, लेकिन स्वच्छता का सफर नहीं रुकेगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर/उज्जैन : रोज सुबह जिन हाथों की झाड़ू के साथ इंदौर और उज्जैन की सड़कें रात की धूल झाड़कर नई सुबह का स्वागत करती हैं, वे हाथ एक दिन अपने उत्सव के लिए विश्राम करेंगे। तब झाड़ू हाथों से हाथों तक पहुंचेगी।
कहीं जनप्रतिनिधि सड़क बुहारेंगे, कहीं व्यापारी अपनी दुकानों के सामने खड़े होंगे, तो कहीं विद्यार्थी और सामाजिक संगठन शहर की सफाई का दायित्व संभालेंगे। गोगा नवमी की यह अनूठी परंपरा दोनों शहरों को एक दिन के लिए मानो यह याद दिलाती है कि शहर की चमक किसी एक हाथ की नहीं, उसमें रहने वाले हर हाथ की जिम्मेदारी है। सफाई मित्रों का अवकाश होगा, लेकिन स्वच्छता का सफर नहीं रुकेगा।
उज्जैन में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर जनभागीदारी से सफाई अभियान चलेगा
उज्जैन में पांच सितंबर को सभी 54 वार्डों में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर जनभागीदारी से सफाई अभियान चलेगा, जबकि इंदौर में गोगा नवमी के अगले दिन यानी रविवार छह सितंबर को नागरिक शहर की सफाई संभालेंगे। इंदौर में यह जनभागीदारी का प्रयोग वर्षों में एक सामाजिक परंपरा का रूप ले चुका है। यहां गोगा नवमी की शाम वाल्मीकि समाज के धार्मिक जुलूस और उत्सव के बाद सफाईकर्मी अगले दिन अवकाश पर रहते हैं और शहर स्वयं झाड़ू उठाकर उनके स्थान पर खड़ा होता है।
अफसर भी मैदान में
उज्जैन में अभियान की निगरानी के लिए अपर आयुक्त से लेकर जोनल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है। नागरिक झाड़ू थामेंगे, प्रशासन समन्वय संभालेगा।
सिंहस्थ तक का संदेश
2028 के सिंहस्थ से पहले उज्जैन में स्वच्छता बड़ी चुनौती है। एक दिन की यह जनभागीदारी यदि नागरिक आदत में बदली तो शहर की स्वच्छता को नई ताकत मिल सकती है।
लोकआस्था का पर्व
गोगादेव या गोगाजी प्रमुख लोकदेवताओं में माने जाते हैं। अनेक क्षेत्रों में उन्हें वीर लोकदेवता और नागों से रक्षा करने वाले देवता के रूप में पूजा जाता है। इंदौर और उज्जैन में गोगा नवमी वाल्मीकि समाज की प्रमुख आस्था से जुड़ी है।
झाड़ू से बड़ा संकल्प
एक दिन झाड़ू उठाना इस पहल का उद्देश्य नहीं, बल्कि सफाईकर्मियों के श्रम का मूल्य समझना है। असली बदलाव तब होगा, जब नागरिक झाड़ू उठाने के साथ कचरा न फैलाने की आदत भी अपनाएंगे।
- 2018 से इंदौर में गोगा नवमी के बाद जनभागीदारी से सफाई का संगठित प्रयोग शुरू हुआ
- 54 वार्ड उज्जैन में जहां पहली बार एक साथ जनभागीदारी से सफाई अभियान
- 2500 सफाईकर्मी हैं कुल मिलाकर उज्जैन शहर में, गोगा नवमी पर रहेंगे अवकाश पर
यह भी पढ़ें- 5 सितंबर को मनाई जाएगी गोगा नवमी, जानिए इस पर्व का महत्व, कहानी और कैसे मनाते हैं