
Accident in Indore: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। इंदौर के तेजाजीनगर बायपास पर सड़क हादसे में घायल 11 साल के बच्चे की भी मौत हो गई। उसे गंभीर अवस्था में एमवाय अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बच्चे के पिता की मंगलवार रात ही मौत हो गई थी। दोनों को अंधगति से जा रहे डंपर ने चपेट में ले लिया था। तेजाजीनगर थाना प्रभारी आरडी कानवा के मुताबिक सोमवार रात कैलोद करताल मोड़ पर बाइक सवार मोरसिंह और उसके 11 वर्षीय बच्चे आरव को डंपर ने टक्कर मार दी थी। मोरसिंह की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि बच्चे को गंभीर अवस्था में भर्ती करवाया गया। देर रात आरव ने भी दम तोड़ दिया। एसआइ एआर खान के मुताबिक मूलत: विष्णु बडली निवासी 35 वर्षीय मोरसिंह कैलोद में ही केशरसिंह राठौर के यहां काम करता था। रात को बेटे के साथ सामान लेकर लौट रहा था।
ब्रिज पर मोड़ पर जैसे ही मुड़ा डंपर(एमपी 09जीएफ 8881) ने चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोरसिंह और आरव तो दूर जाकर गिरें जबकि बाइक डंपर में ही फंस गई। चालक ने डंपर रोका ही नहीं और करीब 200 मीटर दूर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गया। इस कारण बाइक ने आग पकड़ ली और डंपर भी धूं-धूं कर जलने लगा। आग की लपटे उठते देख चालक डंपर चालू हालत में छोड़ कर भाग गया।
ब्रिज पर मोड़ के कारण होते है हादसे
टीआइ आरडी कानवा के मुताबिक ब्रिज निर्माण के दौरान ग्रामीणों ने विरोध किया और एक रास्ता(मोड़) निकाल दिया। इस कारण ग्रामीण सड़क हादसे का शिकार हो जाते है। ब्रिज पर आने वाले भारी वाहन तेज गति से आते है और अक्सर घटना घट जाती है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले डंपर को जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
ट्रक से टकराई कार, दो आरक्षक सहित तीन लोगों की जान गई
इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। खंडवा रोड पर सिमरोल के पास ग्राम कनाड़ में सोमवार देर रात करीब दो बजे सामने से आ रहे ट्रक से कार की भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जिसमें दो आरक्षक और एक अन्य व्यक्ति शामिल है। सिमरोल थाना पुलिस के मुताबिक इंदौर डीआरपी लाइन में पदस्थ आरक्षक 27 वर्षीय कुलदीप बिरला, 28 वर्षीय आरक्षक साथी धर्मेंद्र पुत्र महेश सिंह निवासी बालाघाट व 26 वर्षीय विनोद ठोरी निवासी कन्नौद के साथ कार (एमपी 10 सीबी 1452) से सोमवार को बड़वाह जा रहे थे। इसी बीच रात करीब दो बजे कनाड़ में ट्रक (एमपी 35 एच 3507) से कार की भिड़ंत हो गई। टक्कर से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जैसे-तैसे तीनों शव कार से निकाले और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाए। ट्रक चालक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि ग्राम कनाड़ के पास एक साल में पांच सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान चली गई। आरक्षक ध्ार्मेंद्र व कुलदीप वर्ष 2018 से डीआरपी लाइन में पदस्थ थे। ध्ार्मेंद्र का सात माह का बेटा भी है। परिवार बालाघाट में रहता है। विनोद कुलदीप का साढ़ू है। कुलदीप मूल रूप से सनावद का रहने वाला था। कुलदीप अन्य किसी की कार लेकर गया था।
आरक्षक कुलदीप की पत्नी पारिवारिक विवाद के चलते कुछ दिनों से मायके बड़वाह में रह रही है। कुलदीप साथियों के साथ बड़वाह जा रहा था। कार कुलदीप ही चला रहा था। तभी रास्ते में हादसा हो गया। ट्रक चालक के खिलाफ भी कायमी की जाएगी। - भगवत सिंह विरदे, एसपी देहात