इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर के यशवंत सागर को रामसर साइट के रूप में मान्यता मिली है। यह इंदौर का दूसरा व प्रदेश का चाैथा जलाशय हो गया है, जिसे इस वर्ग में शामिल किया गया है। इसके पूर्व 3 अगस्त को इंदौर के सिरपुर तालाब को रामसर साइट की सूची में शामिल किया गया था। शनिवार को केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने इंदौर के यशवंत सागर को रामसर साइट की सूची में शामिल किए जाने की घोषणा की।
वर्ष 1900 में तुकोजीराव तृतीय ने बनवाया था - यशवंत सागर जलाशय दो हजार एकड़ में फैला है। गंभीर नदी के पानी को रोककर बांध बनाया गया है, जिसके कारण यशवंत सागर का निर्माण हुआ। होलकर महाराजा तुकोजीराव तृतीय ने इंदौर के पश्चिमी हिस्से में जलापूर्ति के लिए यह जलाशय वर्ष 1900 में बनवाया था। उन्होंने अपने बेटे यशवंतराव द्वितीय के नाम पर इसका नामकरण किया था। वर्ष 1992 में इसे प्रमुख पक्षी क्षेत्र बनाया गया था। वर्ष 2017 से इसे रामसर साइट में शामिल करवाने के प्रयास जारी थे। यशवंत सागर पर सारस काफी संख्या में मिलते हैं। यह सारस का पर्यावास है। इसके अलावा यहां अन्य प्रवासी पक्षी आते हैं। तालाब में मछली पालन भी होता है।
30 एमएलडी पानी शहर को प्रतिदिन मिलता है - यशवंत सागर के पानी को ट्रीट कर उस पानी को पश्चिमी क्षेत्र की कालोनियों को दिया जाता है। इस तालाब से प्रतिदिन 30 एमएलडी पानी सप्लाई किया जाता है। इस तालाब में सालभर पानी रहता है। यह इंदौर का पर्यटन स्थल भी है। इस वजह से सालभर यहां काफी संख्या में लोग घूमने आते हैं। वर्षा काल में काफी संख्या में पर्यटक आते हैं। पहले यशवंत सागर में सायफन हुआ करते थे। वर्ष 2013 में यहां बांध बनवाया गया। यशवंत सागर की कुल क्षमता 19 फीट है। वर्षा काल में पानी बढ़ने पर बांध के गेट खोले जाते हैं। गर्मी में जल स्तर 12 फीट तक पहुंच जाता है। नगर निगम द्वारा यशवंत सागर की पाल पर रिटेनिंग वाल बनाने, स्टोन पीचिंग करवाने व रोड किनारे जाली लगाने की योजना है।
प्रदेश के ये जलाशय रामसर साइट में शामिल -
रामसर साइट क्या है? - रामसर स्थल वह आर्द्र भूमि या नम भूमि है, जिन्हें रामसर (ईरान का एक शहर) कन्वेंशन के तहत अंतरराष्ट्रीय महत्व दिया जाता है। दुनियाभर में आर्द्र भूमि और जलवायु परिवर्तन के महत्व को समझते हुए यूनेस्को की ओर से दो फरवरी 1971 को रामसर में हुई कन्वेंशन में विश्व की आर्द्र भूमि के संरक्षण के लिए एक संधि पर हस्ताक्षर किए गए थे।