
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। छात्रावास से चंदन के पेड़ चोरी होना और तक्षशिला परिसर में पूल पार्टी का होर्डिंग लगाने को लेकर सुरक्षा एजेंसी की गंभीर लापरवाही सामने आई है। अब देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) एजेंसी पर कार्रवाई करने जा रही है। कुलपति डा. रेणु जैन ने एजेंसी को नोटिस देने के निर्देश दिए है। यहां तक जुर्माना लगाने की बात कहीं। होर्डिंग लगवाने को लेकर एजेंसी को स्पष्टीकरण भी देना है। उधर विश्वविद्यालय के विभागों से भी एजेंसी को लेकर प्रतिक्रिया मांगी है। हालांकि कार्यपरिषद ने एजेंसी का अनुबंध चार महीने के लिए बढ़ाया है।
कमला नेहरू गर्ल्स हास्टल परिसर में लगे चंदन के पेड़ लकड़ी चोर काट ले गए। घटना के दौरान सुरक्षा गार्ड को कमरे में बंद कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक 2018 से लेकर 2022 के बीच विश्वविद्यालय के नालंदा और तक्षशिला परिसर से पांच से छह पेड़ कट चुके है। वहीं शनिवार को रेन डांस-पूल पार्टी के आयोजन का होर्डिंग तक्षशिला परिसर में लगा था। इसे लेकर विवि से अनुमति नहीं ली गई। आयोजक ने सुरक्षा एजेंसी से चर्चा कर होर्डिंग परिसर में टांगा था। इसे लेकर विवि के अधिकारी काफी नाराज है। उन्होंने सोमवार को नोटिस देने की तैयारी कर ली है।
सूत्रों के मुताबिक कई विभागों से विद्यार्थियों की गाड़ी चोरी हो चुकी है। कई बार सुरक्षा एजेंसी पर सवाल खड़े हुए है। अधिकारियों ने विभागों से एजेंसी की कार्यशैली के बारे में पूछा है। माना जा रहा है कि एजेंसी को ब्लैक लिस्ट किया जा सकता है। कैम्पस प्रभारी डा. दीपक मेहता ने बताया कि एजेंसी को सोमवार को नोटिस देंगे। जवाब आने के बाद जुर्माना वसूलने की कार्रवाई करेंगे।
महाराष्ट्र राज्य नाट्य स्पर्धा में शहर के कलाकारों ने जीते पुरस्कार
महाराष्ट्र शासन द्वारा आयोजित 60वीं महाराष्ट्र राज्य नाट्य स्पर्धा में इंदौर के कलाकारों ने चार पुरस्कार प्राप्त किए हैं। 21 फरवरी से 8 मार्च तक जलगांव में आयोजित स्पर्धा में शहर की नाट्य संस्था नाट्य भारती ने नाटक डहूळ का मंचन कर प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। इस नाटक के निर्देशन के लिए श्रीराम जोग को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के रूप में पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा अभिजीत कलमकर को सर्वश्रेष्ठ प्रकाश व्यवस्था तथा अनिरुद्ध किरकिरे को सर्वश्रेष्ठ मंच सज्जा के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। राजन खान की कहानी का नाट्य रूपांतरण श्रीराम ने किया, जिसमें श्रीराम के साथ लोकेश निमगांवकर, दिलीप लोकरे, प्रतीक्षा बेलसरे, श्रुतिका जोग कलमकर तथा अनंत मुंगी ने अभिनय किया।