AIIMS In Indore : इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इंदौर के विधायक भी अब इस मुद्दे को लेकर खुलकर सामने आ गए हैं। सभी का कहना है कि एम्स इंदौर का अधिकार है। शहर को सालों पहले यह अस्पताल मिल जाना था। अब वे सब मिलकर इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे। इंदौर को एम्स मिलेगा तो इसका फायदा पूरे प्रदेश को मिलेगा। एक दर्जन से ज्यादा जिले हैं जहां के नागरिक उपचार के लिए सीधे-सीधे इंदौर पर निर्भर हैं। इंदौर में एम्स आएगा तो इन जिलों के लोगों को फायदा मिलेगा। उन्हें न्यूनतम दर पर अत्याधुनिक उपचार मिलने लगेगा। इंदौर में एम्स आया तो यहां चिकित्सा के क्षेत्र में शोध बढ़ जाएंगे।
यह कहा जनप्रतिनिधियों ने -
इंदौर का अधिकार है एम्स - विधायक संजय शुक्ला का कहना है कि एम्स इंदौर का अधिकार है। इंदौर ही नहीं आसपास के कई जिले चिकित्सा क्षेत्र में इंदौर पर आश्रित हैं। इंदौर को एम्स मिलेगा तो यहां अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं न्यूनतम दर पर मिलने लगेगी। इसका फायदा प्रदेश के लाखों लोगों को मिलेगा। हम विधानसभा में यह मुद्दा उठाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलेगा फायदा - विधायक विशाल पटेल ने कहा कि इंदौर में एम्स आता है तो इसका फायदा आसपास के 12-15 जिलों को मिलेगा। कोई बड़ी दुर्घटना हो या मेडिकल इमरजेंसी, व्यक्ति सीधे इंदौर की तरफ दौड़ता है। सरकारी अस्पतालों में अत्याधुनिक इलाज उपलब्ध नहीं होने की वजह से उसे निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है। इंदौर में एम्स आ जाएगा तो सरकारी अस्पताल में अत्याधुनिक इलाज मिलने लगेगा।
एम्स यहां आ जाए तो सोने पर सुहागा हो जाएगा - विधायक महेंद्र हार्डिया का कहना है कि इंदौर का चिकित्सा क्षेत्र में बड़ा नाम है। पूरे विश्व में यहां के डाक्टर मिलते हैं। यहां के डाक्टरों ने न सिर्फ प्रदेश बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। आइआइटी और आइआइएम तथा आरआरकेट जैसे राष्ट्रीय महत्व के तीन बड़े संस्थान यहां हैं। एम्स यहां आ जाए तो यह सोने पर सुहागा हो जाएगा।
सालों पहले मिलना था - विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि इंदौर को सालों पहले एम्स मिल जाना था। अब समय है कि इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाए। इंदौर महानगर बनने जा रहा है। हर वर्ष दो वर्ष में एक बड़ा अस्पताल यहां आ रहा है। इसका मतलब है कि यहां चिकित्सा के क्षेत्र में अनंत संभावनाएं हैं। ऐसे में यहां एम्स होना ही चाहिए।
मिलना ही चाहिए एम्स - विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि एम्स को लेकर हमें गंभीरता से विचार करना चाहिए। यहां एम्स आ जाएगा तो इंदौर के लोगों को अत्याधुनिक मशीनों से न्यूनतम दर पर इलाज मिलने लगेगा। चिकित्सा सेवाओं में भी सुधार होगा। इंदौर के विकास को पंख लगेंगे।