
इंदौर। रविवार को होलकर स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला होम टीम किंग्स इलेवन पंजाब से है। अंक तालिका में राजस्थान रॉयल्स इस वक्त सातवें पायदान पर है।
ऐसे में प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए रहाणे के रॉयल्स को रविवार के मुकाबले में जीत दर्ज करना जरूरी है। अब जब जीत जरूरी है तो उससे पहले राजस्थान रॉयल्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे सिद्ध खजराना गणेश मंदिर पहुंचे। रहाणे ने यहां जीत के लिए बप्पा की विशेष पूजा की। उनके साथ राजस्थान रॉयल्स के कुछ और खिलाड़ी भी मौजूद थे। रहाणे यहां काफी देर तक रूके और खजराना गणेश से जीत के लिए आशीर्वाद मांगा।
ये कोई पहला मौका नहीं है, जब रहाणे खजराना गणेश मंदिर में बप्पा का आशीर्वाद लेने आए हैं। इससे पहले रहाणे इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए पहले टेस्ट में 188 रनों की पाऱी खेलने के बाद भी बप्पा के दर पर पहुंचे थे। उस दौरान रहाणे की पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं।
विश्व प्रसिद्ध इंदौर के खजराना गणेश मंदिर से भारतीय टीम के खिलाड़ियों का विशेष लगाव हैं। जब भी भारतीय टीम का कोई खिलाड़ी इंदौर आता हैं तो खजराना गणेश मंदिर में दर्शन करने जरूर पहुंचता हैं।
इसके पहले भी सुरेश रैना, श्रीसंथ, शिखर धवन से लेकर रोहित शर्मा तक तमाम दिग्गज क्रिकेटर खजराना गणेश मंदिर के प्रति अपनी आस्था जता चुके हैं। इसके अलावा बद्रीनाथ और मिथुन का नाम भी इस सूची में शामिल हैं। वहीं वीवीएस लक्ष्मण सहित कई ओर क्रिकेटरों की आस्था भी इस मंदिर से जुड़ी हुई है।
प्रीति जिंटा भी पहुंची खजराना
किंग्स इलेवन की मालकिन प्रीति जिंटा भी शाल ओढ़कर भीड़ से छिपते हुए खजराना मंदिर पहुंची। प्रीति ने भगवान गणेश के दर्शन किये। इस दौरान मंदिर में मौजूद लोगों ने मोबाइल से उनके फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश की, उन्हें प्रीति ने डांटकर रोक दिया। प्रीति ने भगवान गणेश को चढ़ाई एक माला भी पंडितजी से मांगी और अपने साथ ले गई।