इंदौर के साथ उसका जोड़ीदार देपालपुर भी होगा सम्मानित, स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश के नौ शहर होंगे पुरस्कृत
स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार 11 नवंबर को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में 57 पुरस्कारो में इंदौर सहित प्रदेश के नौ निकायों को पुरस्कार मिलेगा। इनमें इंदौर के अलावा बुधनी, देपालपुर, देवास, ग्वालियर, जबलपुर ,रीवा, सागर, उज्जैन के नगरीय निकाय शामिल हैं।
Publish Date: Sun, 08 Nov 2026 07:41:37 AM (IST)Updated Date: Sun, 08 Nov 2026 07:41:37 AM (IST)
देपालपुर में मटेरियल रिकवरी सेंटर को बेहतर किया गया। -नईदुनियाHighLights
- देपालपुर 20 हजार आबादी वाले शहरों में पहले स्थान भी आया है
- पिछली बार देपालपुर को 1710 वीं रैंक मिली थी
- इंदौर नगर निगम ने देपालपुर की स्वच्छता को बेहतर बनाने में सहयोग दिया
उदय पताप सिंह, नईदुनिया, इंदौर : स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार 11 नवंबर को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में 57 पुरस्कारो में इंदौर सहित प्रदेश के नौ निकायों को पुरस्कार मिलेगा। इनमें इंदौर के अलावा बुधनी, देपालपुर, देवास, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, उज्जैन के नगरीय निकाय शामिल हैं।
इस बार सर्वेक्षण में स्वच्छ जोड़ी केटेगरी में इंदौर नगर निगम के साथ देपालपुर नगर परिषद का भी सम्मान होगा। 11 नवंबर को दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में इंदौर के साथ देपालपुर नगरीय निकाय के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
देपालपुर 20 हजार आबादी वाले शहरों में पहले स्थान भी आया है
गौरतलब है कि पिछली बार जहां देपालपुर को 1710 वीं रैंक मिली थी। वहीं इस बार देपालपुर 20 हजार आबादी वाले शहरों में पहले स्थान भी आया है। इंदौर नगर निगम ने इस बार देपालपुर की स्वच्छता को बेहतर बनाने में सहयोग दिया। यही वजह है कि देपालपुर स्वच्छता बेहतर हुई और रैकिंग भी बढ़ी। इसी वजह से इंदौर के साथ देपालपुर का भी सम्मान होगा।
स्वच्छता की रैकिंग में देपालपुर पर ऐसे लगाई छलांग
मौजूदा स्थिति
25 हजार की आबादी, 3200 घर
- 15 वार्ड : 19 टन गीला-सूखा कचरा निकला है प्रतिदिन
- 65 सफाई कर्मचारी
- 5 टन प्रतिदिन क्षमता का मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी शेड
- 20 टन प्रतिदिन क्षमता के सैप्टिक टैंक से निकले मल के उपचार का प्लांट
इस तरह बदली तस्वीर
- पुराने डोर टू डोर कचरा संग्रहण वाहन हटाए, पांच नए वाहन मिले।
- राज्य सरकार से 40 लाख रुपये फंड स्वच्छता के कार्यो के लिए मिला।
- सिंचाई, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय सहित अलग-अलग विभागों को जोड़कर सुधार कार्य किए।
- सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की योजना बनी।
- 30 सितंबर को इंदौर नगर निगम का देपाल नगर परिषद के साथ एमओयू हुआ। तीन माह में घरो से कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुधरी।
- जनवरी में 1250 टन कचरे के ढेर को खत्म किया।
मप्र के इन नौ शहरों का सम्मान
बुधनी, देपालपुर, देवास, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर और उज्जैन
स्वच्छ सर्वेक्ष्ण में इस बार 10500 अंकों पर होगा मुकाबला
पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में 12500 अंकों पर शहरों के बीच मुकाबला हुआ था। इस बार सर्वेक्षण में हुई देरी के कारण गारबेज फ्री सिटी (1000 अंक), वाटर प्लस (1000 अंक) के सर्वे देश के किसी भी शहर में नहीं हुए। इस वजह से इस बार 10,500 अंकों पर स्वच्छ सर्वेक्षण में शामिल शहरों के बीच मुकाबला होगा।