
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कनाडिया एसडीएम कार्यालय में गुरुवार को पटाखा दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया से पहले व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई और कार्यालय परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। घटना के दौरान हथियार निकले। पुलिस के पहुंचने से पहले ही विवाद में शामिल व्यापारी वहां से चले गए। फिलहाल मामले में पुलिस प्रकरण दर्ज नहीं कराया गया है।
शुक्रवार को पटाखा दुकानों का आवंटन किया जाना है। इससे पहले आवेदन प्रक्रिया के दौरान दुकान हासिल करने को लेकर कुछ व्यापारी आमने-सामने आ गए। कनाडिया तहसील कार्यालय में हंगामा होता रहा। प्रशासनिक कार्यालय में मारपीट की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं।
कनाडिया तहसील कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे पिछले एक महीने से बंद बताए जा रहे हैं। ऐसे में घटना के दौरान मौजूद लोगों की पहचान के लिए फुटेज उपलब्ध नहीं हो सकेंगे। कार्यालय में निगरानी व्यवस्था का लंबे समय तक बंद रहना गंभीर सवाल खड़े करता है। कैमरे चालू होते तो घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल और संबंधित लोगों की पहचान में मदद मिल सकती थी।
कार्यालय में कुछ व्यापारियों के बीच मारपीट हुई है। संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे एक महीने से बंद हैं, इसलिए फुटेज के आधार पर पहचान नहीं हो सकी। कैमरे शुक्रवार को चालू कराए जाएंगे।- दीपक चौहान, एसडीएम कनाडिया