
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित उपड़ीनाथा गांव में बीती रात चोरों की गैंग घुस गई। हथियार लेकर आए बदमाशों ने चार मकानों को निशाना बनाया। दो जगहों से सोना-चांदी के आभूषण और अन्य सामान ले उड़े। पुलिस को पांच बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। बदमाशों के हाथ में औजार और हथियार भी हैं।
एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार बदमाश नकाब बांधकर आए थे। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि आरोपितों ने गलियों में घूमकर सूने मकानों की रैकी की और मकानों को निशाना बनाया। सुबह ताला टूटा मिलने पर ग्रामीण थाने पहुंचे और चोरी की सूचना दी। फरियादी प्रवीण तोमर के अनुसार वह परिवार सहित बाहर गया था।
बदमाश घर से आधा किलो चांदी और सोने के आभूषण चुराकर ले गए। इसी तरह जितेंद्र बनेसिंह के घर से मंगलसूत्र और सोने की चेन, प्रेमसिंह अंतरसिंह के घर से एक किलो चांदी और सोने के आभूषण के साथ नकदी चुराकर ले गए।
घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पहुंची। पुलिस को स्थानीय बदमाशों के शामिल होने का शक है। चोरी की एक अन्य वारदात मनभावन नगर (बंगाली चौराहा) में सिद्धार्थ जैन के घर में हुई है। घर से सोने के कंगन, चेन, कान के बाले, चांदी के कड़े व अन्य सामान चोरी हुआ है।
शिप्रा थाना अंतर्गत लाखों रुपये कीमती बिजली के तारों की हेराफेरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने वाहन चालक राहुल निवासी कन्नौद (जिला देवास) के खिलाफ हेराफेरी का केस दर्ज किया है। ट्रांसपोर्ट संचालक शुभम राठौर के अनुसार चालक तार लेकर सूरत (गुजरात) रवाना हुआ था। राहुल ने रास्ते में आधा माल गायब कर दिया और मोबाइल बंद कर गायब हो गया।