
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नए जिला अस्पताल को शुरू करने की तैयारियों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है।
विभाग ने 166 अधिकारियों और कर्मचारियों के अटैचमेंट तत्काल प्रभाव से समाप्त कर उन्हें जिला अस्पताल में पदस्थ करते हुए तुरंत ज्वॉइन करने के आदेश जारी किए हैं। इस फैसले के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। इसे नए जिला अस्पताल के संचालन से पहले की सबसे बड़ी प्रशासनिक पुनर्व्यवस्था माना जा रहा है।
अटैचमेंट समाप्त किए गए कर्मचारियों में डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर, बीईई, लैब टेक्नीशियन, लैब असिस्टेंट, रेडियोग्राफर, फार्मासिस्ट, डार्क रूम अटेंडेंट, वार्ड बॉय और स्वीपर सहित विभिन्न श्रेणियों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। ये सभी लंबे समय से जिले के अलग-अलग अस्पतालों, संजीवनी क्लीनिकों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में अटैच होकर सेवाएं दे रहे थे।
सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि नए जिला अस्पताल में जल्द स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जानी हैं। अस्पताल के सुचारु संचालन के लिए पर्याप्त डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। सभी संबंधित कर्मचारियों को तत्काल जिला अस्पताल में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नए जिला अस्पताल का उद्घाटन 18 जुलाई को प्रस्तावित है। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में अस्पताल को पूरी क्षमता के साथ शुरू करने के लिए स्टाफ की तैनाती, व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने और विभिन्न विभागों को सक्रिय करने का काम तेज कर दिया गया है। विभाग का मानना है कि इस फैसले से नए जिला अस्पताल में मरीजों को शुरुआत से ही बेहतर और व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।