इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर के अग्रवाल समाज की प्रमुख संस्था अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के द्विवार्षिक चुनाव में पदाधिकारियों के चुनाव परिणाम रात दो बंजे घोषित किए गए। इसमें अध्यक्ष राजेश बंसल और महामंत्री पवन सिंघल बने। परिणाम की घोषणा होते ही विजयी उम्मीदवार का हार फूलों से स्वागत किया गया।
राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन में गहमागहमी भरे माहौल में हुए चुनाव में 5380 में से 3480 मतदाताओं ने मतदान किया। बारिश के बावजूद मतदान को लेकर समाजजन में उत्साह नजर आया। करीब 65 फीसद मतदाताओं ने मतदान किया। चुनाव के दौरान नकली मतपत्र का वितरण विवाद का कारण बना और समाज के कर्ताधर्ता आमने-समाने हुए। इस दौरान एक दूसरे पर नियमों के उल्लंघन का आरोप भी लगाया गया। वरिष्ठों की समझाइश के बाद विवाद शांत हुआ।
45 मिनट देरी से शुरू हुआ मतदान - मतदान निर्धारित समय से 45 मिनट की देरी से साधारण सभा के बाद सुबह 10.15 बजे शुरू हुआ। मतदान के लिए 16 बूथ बनाए गए थे। इसमें से चार वरिष्ठों के लिए आरक्षित थे। संवैधानिक चुनाव अधिकारी गोविंद सिंघल ने बताया कि मतदान देरी से शुरू होने के चलते मतदान का समय 4.30 बजे से बढ़ाकर 5.30 बजे तक कर दिया गया था। रात आठ बजे बाद मत पत्रों के बंडल बनाकर पदाधिकारियों के मत की गिनती की गई। चुनाव संपन्न कराने में 200 सदस्यों की टीम जुटी हुई थी। मतदान स्थल पर निगरानी के लिए 20 कैमरे भी लगाए गए थे। बारिश से बचाव के लिए वाटर प्रूफ पंडाल लगाया गया था। चुनाव के दौरान नियम के उल्लंघन के आरोप भी एक दूसरे पर लगाए गए।
विजेता उम्मीदवार को मिले मत
राजेश बंसल को 3023 मत (अध्यक्ष)
पवन सिंघल को 2972 मत (महामंत्री )
नारायण अग्रवाल को 2281 मत (उपाध्यक्ष)
पुष्पा गुप्ता को 2538 मत (महिला उपाध्यक्ष)
नवीन बागड़ी को 2995 मत (संयोजक)
राजेश अग्रवाल इंजीनियर को 1636 मत (कोषाध्यक्ष)
अरविंद अग्रवाल को 2782 मत (सहमंत्री)
प्रयोग गर्ग को 2620 मत (सह संयोजक)