
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। महू स्थित 159 साल पुरानी आर्मी स्कूल की इमारत को तोड़ने के मामले में शुक्रवार को एक बार फिर सुनवाई टल गई। अब हाई कोर्ट में शनिवार को इस मामले की सुनवाई होगी। जनहित याचिका देव कुमार वासुदेवन ने प्रस्तुत की है।
याचिका में कहा गया है कि वर्ष 1866 में ब्रिटिश वास्तुकला के अनुरूप बनी इस इमारत का ऐतिहासिक महत्व है। पहले यहां आर्मी अस्पताल संचालित होता था, बाद में आर्मी पब्लिक स्कूल शुरू हुआ। याचिकाकर्ता का कहना है कि भवन में तोड़फोड़ नहीं की जा सकती।
पूर्व में सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट की युगलपीठ ने सेना से पूछा था कि इस इमारत को म्यूजियम या वार मेमोरियल के रूप में क्यों नहीं विकसित किया जा सकता।
कोर्ट ने कहा था कि पुरातात्विक धरोहर घोषित नहीं होने के बावजूद भवन का ऐतिहासिक महत्व है। इस पर सेना ने बताया था कि नए भवन के निर्माण का ठेका दिया जा चुका है। साथ ही सुरक्षा कारणों का हवाला भी दिया था।
यह भी पढ़ें- Army Public School Mhow: जिस अंग्रेजकालीन इमारत ने युद्ध में दुश्मनों से बचाया, अब उसे बचाने की कवायद