
इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। लता मंगेशकर अलंकरण समारोह के पहले आयोजित की जाने वाली लता मंगेशकर संभाग स्तरीय सुगम संगीत प्रतियोगिता अब 13 सितंबर को रखी जाएगी। पहले यह प्रतियोगिता 15 सितंबर को होने वाली थी। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा कराई जाने वाली यह प्रतियाेगिता प्रीतमलाल दुआ सभागृह में 13 सितंबर को सुबह 11 बजे होगी।
शासकीय संगीत महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता दो वर्गों में कराई जाएगी। इनमें एक वर्ग आठ से 15 वर्ष और दूसरा 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग का होगा। प्रतियोगिता के आवेदन पत्र लता मंगेशकर शासकीय संगीत महाविद्यालय इंदौर से कार्यालयीन समय में प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 12 सितंबर होगी। दोनों ही वर्गों में संभाग स्तर पर विजेताओं के पुरस्कार में क्रमशः प्रथम 10 हजार, पांच हजार तथा तीन हजार की राशि प्रदान की जाएगी। दोनों ही वर्गों में प्रथम तथा द्वितीय पुरस्कार प्राप्त प्रतियोगी इंदौर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।
इंदौर में होगा फाइनल राउंड - मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की घोषणा के अनुसार, लता अलंकरण समारोह उनके जन्म दिवस पर करना तय हुआ है। हर संभाग से सुगम संगीत प्रतियोगिता में चयनित प्रथम और द्वितीय क्रम के विजेताओं का फाइनल राउंड लता अलंकरण के मुख्य समारोह के एक दिन पहले इंदौर में किया जाएगा। इसमें सभी संभागों से चयनित विजेता कलाकार हिस्सा लेंगे। इस फाइनल प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाले विजेताओं को भी मुख्य समारोह में सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। सुगम संगीत की यह प्रतियोगिताएं कराने की जिम्मेदारी और समन्वय उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी को सौंपा गया है।
इन्हें मिलेगा लता अलंकरण - उल्लेखनीय है कि लता मंगेशकर के जन्म दिवस 28 सितंबर को बहु प्रतीक्षित लता अलंकरण समारोह किया जाएगा। बीते तीन वर्ष से यह समारोह लंबित चला आ रहा है। वर्ष 2019 का लता अलंकरण पार्श्व गायक शैलेंद्र और वर्ष 2020 का सम्मान गीतकार आनंद मिलिंद को दिया जाना तय हुआ है। वहीं, वर्ष 2021 के सम्मान के लिए संस्कृति विभाग द्वारा नाम चयनित करने की प्रक्रिया चल रही है।