
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। बांग्लादेशी युवतियों के भागने की सूचना से मुख्यालय में भी हड़कंप मच गया है। मुख्यालय द्वारा ही युवतियों को बांग्लादेश भेजने का प्रस्ताव दूतावास को भेजा गया था। अफसर अब युवतियों की कस्टडी से इन्कार कर पल्ला झाड़ रहे है। मामले में आश्रम अधीक्षक डॉ.नेहा शर्मा की भूमिका संदिग्ध है। अधीक्षक का दावा है कि युवतियां 16 फीट उंची दीवार कूद भागी है जबकि मैनेजर महेश शर्मा ने कहा युवतियां दरवाजे से भागी थी।
महाराणा प्रताप नगर स्थित श्री गणेश बुजुर्ग आश्रम एवं महिला उत्कर्ष संस्थान से भागी 10 बांग्लादेशी लड़कियों को विजय नगर और एमआइजी थाना पुलिस ने देह व्यापार के अड़्डों से मुक्त करवाया था। पुलिस इन युवतियों की कोर्ट में गवाही करवा कर दूतावास के माध्यम से बांग्लादेश भेजना चाहती थी। कोर्ट में ट्रायल शुरूु होने के पहले ही युवतियां आश्रम से भाग गई। अधीक्षक नेहा शर्मा ने पुलिस को बताया कि युवतियां साड़ी से रस्सी बनाकर 16 फीट उंची दीवार से कूदी है। आश्रम की तरफ से सुरक्षा नहीं लगाई बल्कि एमआइजी और लसूड़िया थाने का बल तैनात किया था।
पुलिसकर्मियों के ध्यान न देने के कारण ही युवतियां भागी है। उधर आश्रम के मैनेजर महेश शर्मा के मुताबिक तीन युवतियां तो मुख्य दरवाजे से ही निकली है। शाम करीब सात बजे के लगभग तीन युवतियों ने पहले अंडे मंगवाए और बाद में मसाला लेने के बहाने बाहर निकल गई। डीआइजी मनीष कपूरिया के मुताबिक तलाश के लिए टीमें गठित की गई है। जो युवतियां भागी वो किसी आपराधिक प्रकरण में आरोपित नहीं थी बल्कि गवाह थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस तैनात की गई थी। जानकारी मिली है कि युवतियां गुजरात और महाराष्ट्र में रहने वाली बांग्लादेशी युवतियों के संपर्क में हो सकती है। विजय नगर और बाणगंगा थाने की टीम तलाश में जुटी है।