
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दीपावली के अवसर पर छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर दीये-बत्ती बेचने वाले छोटे व्यापारियों को इस बार भी परंपरागत जगहों पर दुकानें लगाने की अनुमति मिलेगी। हर साल की तरह इस बार भी शहर में तय परंपरागत स्थानों पर दुकानें तो लगाई जा सकेंगी। इसी तरह राजबाड़ा क्षेत्र में भी व्यापारियों को दुकानें लगाने का मौका मिलेगा।
महापौर की इस घोषणा से उन रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को राहत मिलेगी, जो दीपावली के दौरान दीए-बत्ती बेचकर अपनी आजीविका चलाते हैं। महापौर ने कहा कि दुकानदारों को निर्धारित सीमा में रहकर कारोबार करना होगा। सड़क पर दुकानें फैलाकर अतिक्रमण करने या यातायात बाधित करने की अनुमति नहीं रहेगी।
महापौर ने दुकानदारों और ट्रैफिक पुलिस से आपसी समन्वय के साथ व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश रहेगी कि त्योहार के दौरान छोटे व्यापारियों का कारोबार भी चलता रहे और बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।