
इंदौर। महू में आंबेडकर जयंती समारोह को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के सीएम शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि महू में बाबा साहेब का स्मारक बनाने का फैसला पीएम नरेंद्र मोदी का था। हमें गर्व है कि हम उस प्रदेश के निवासी हैं जहां बाबा साहब का जन्म हुआ। इस जगह को लेकर कांग्रेस ने बहुत बातें की, लेकिन परिणाम नहीं निकला। पीएम मोदी ने आंबेडकर से संबंधित सभी स्थानों को पंचतीर्थ बनाया।
यह भी पढ़ें - इंदौर पहुंचे मोदी, महू में आंबेडकर स्मारक पर जाएंगे
शिवराज ने कहा कि मोदी मेन आफ आइडियाज हैं। कांग्रेस ने बाबा साहेब को कभी उचित सम्मान नहीं दिया, कांग्रेस की कोशिश थी कि आंबेडकर कभी संसद में ना आ पाएं, उसके बावजूद बाबा साहब ने अपना मुकाम बनाया।
उन्होंने कहा कि मप्र में ग्राम उदय से भारत उदय अभियान 45 दिन चलेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, मंत्री गोपाल भार्गव, गौरीशंकर शेजवार, लालसिंह आर्य, कैलाश विजयवर्गीय आदि भी शामिल थे।