
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। चेकिंग से बचने के लिए कार रिवर्स कर भागने में कार चालक की जान पर बन आई। तेज रफ्तार में कार घुमा दी और पेड़ से जा घुसा। रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और एयर बैग तक खुल गए। पुलिसकर्मियों ने भागने के पहले चालक को पकड़ा और उसकी जांच की और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज किया।
घटना कनाड़िया थाना के बिचौली ब्रिज की है। टीआई तिलक करोले के मुताबिक एएसआई मुकामसिंह डाबर रात में वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी एक कार तेज रफ्तार में आते हुए दिखाई दी। पुलिसकर्मियों और बैरिकेड को देखकर चालक घबरा गया और करीब 100 मीटर दूरी पर कार मोड़कर भागने लगा। कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयर बैग खुल गए।
टीआई के अनुसार चालक का नाम हुजैफा अब्दुल कय्यूम निवासी राऊ है। वह शराब पीकर गाड़ी चला रहा था। उसको डर था कि पुलिस ब्रीथ एनालाइजर से जांच करेगी और कार जब्त हो जाएगी। पुलिस ने टकराने के बाद भी कार पकड़ी और हुजैफा की जांच की। शराब पीने की पुष्टि होने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 में कार्रवाई कर दी।
एक अन्य घटना विजय नगर थाना अंतर्गत रेडिसन चौराहा के समीप हुई है। दो कारों में आमने-सामने की टक्कर हो गई और कारों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
यह भी पढ़ें- देवास में TI को कुचला: दो साल सरकारी स्कूल में टीचर रहे थे दिलीप पुरी, फिर पुलिस ज्वाइन की और बने ऑफिसर