
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नौलखा चौराहे पर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने मामूली विवाद में परिचित युवती की बीच सड़क पर पहले पिटाई की और फिर जमीन पर गिराकर हाथ मरोड़ते हुए करीब 10 फीट तक घसीटता रहा। तपती धूप में युवती दर्द से चीखती रही, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा।
लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। रविवार को पुलिस हरकत में आई और आरोपित राहुल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। युवती ने अवैध वसूली का आरोप लगाया है।
भंवरकुआं टीआइ संतोष दूधी के अनुसार युवती की पहचान सनावद निवासी सीमा के रूप में हुई है। 28 वर्षीय सीमा फिलहाल (मयूरनगर) मूसाखेड़ी में रहती है। उसकी आरोपित राहुल वर्मा से दोस्ती रही है। कुछ दिनों पूर्व युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। राहुल का इसी बात पर विवाद होने लगा और मारपीट शुरू कर दी। वह उसको साथ ले जाना चाहता था। युवती ने इनकार कर दिया और जमीन पर बैठ गई। राहुल उसका हाथ मरोड़ कर घसीटने लगा।
घटना देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उसका वीडियो बना लिया। युवती के रोने की आवाज सुनकर कुछ लोग आगे आए और राहुल की पिटाई शुरू कर दी। वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो जवानों की टीम बनाई गई। पुलिस ने पहले युवती की पहचान की और घटनाक्रम समझा। युवती ने कहा राहुल से रुपयों का लेनदेन था। वह रुपये लेने के लिए उसकी पिटाई कर रहा था।
यह भी पढ़ें- छात्रावास में बूंद-बूंद पानी को मोहताज छात्र, बाल्टी लेकर सड़क पर उतरे इंजीनियर, जबलपुर JEC में स्टूडेंट का चक्काजाम
पुलिस ने राहुल के खिलाफ केस दर्ज कर मोबाइल लोकेशन के आधार पर गिरफ्तारी कर ली। टीआइ के अनुसार राहुल लाइट फिटिंग का काम करता है। राहुल का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कान पकड़ कर माफी मांग रहा है।