
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। बिहार का 16 साल का मिथुन चौहान एक ऐसी अजीब आनुवांशिक बीमारी से पीड़ित था, जिसमें चेहरे और शरीर पर दर्जनों बड़े आकार के ट्यूमर निकल आते हैं। ट्यूमर भी ऐसे की न आंखो से ठीक से दिखाई देता है और न ठीक से सांस ले पाता है। चेहरा इतना डरावना कि हम उम्र साथी भी स्कूल में साथ खेलने के बजाय दूर भाग जाते थे।
इलाज करवाने में असमर्थ गरीब माता-पिता की मददगार बनकर कुछ समाजसेवी आगे आए। उन्होंने राशि इकट्ठा की और इंदौर के प्लास्टिक सर्जन के पास पहुंचे। डॉक्टर ने शहर के निजी अस्पताल में कई चरणों की सर्जरी के बाद उसे काफी हद तक ठीक कर दिया। अब मिथुन सामान्य जीवन जी सकेगा।
मिथुन को दुर्लभ अनुवांशिक बीमारी न्यूरोफाइब्रोमेटोसिस थी। इस बीमारी से शरीर में लगातार ट्यूमर होते रहते हैं। मिथुन को इलाज नहीं मिलने से उसकी स्थिति काफी खराब हो गई थी और वह धीरे-धीरे मौत की और बढ़ रहा था। मिथुन की मां बछिया जो महाराष्ट्र में कल्याण के तिलक चौक की रहने वाली है, ने बताया कि वह जन्म से ऐसा नहीं था। पांच साल की उम्र से उसे यह बीमारी होने लगी। मिथुन ने बताया वह स्कूल जाता तो सब मुझसे दूर होकर मुझे भगा देते थे। बच्चे मुझे भूत समझते थे।
इसी दौरान बिहार के पत्रकार संजय ने मिथुन की मदद के लिए कोशिश शुरू की। लोगों की मदद से 8.35 लाख रुपए इकट्टा किए गए। शहर के प्लास्टिक सर्जन डॉ. अश्विनी दास से संपर्क के बाद जनवरी से उसका इलाज शुरू हुआ। पहले ट्यूमर हटाए गए और फिर चेहरे को फिर से बनाने की कवायद शुरू की गई। सर्जरी काफी कठिन थी। इसमें जान का जोखिम भी था। जांच में उसके सिर में भी ट्यूमर मिला। इसे दवाओं से छोटा कर फिर सर्जरी की गई।
पांच ट्यूमर निकालने में काफी खून बह गया जिससे सर्जरी रोकना पड़ी। मिथुन को गांव भेजा गया लेकिन उसे वहां संक्रमण हुआ। मार्च में फिर उसकी आगे की सर्जरी हुई। उसके शरीर की ही चमड़ी लेकर चेहरा बनाया गया। अब मिथुन काफी हद तक ठीक होकर गांव पहुंच गया है और स्कूल भी जाने लगा है। डॉ.दास के अनुसार मिथुन का इलाज जारी है।