
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ग्राम खजराना की सर्वे नंबर 66/2(क) पर बसी कृष्णबाग कालोनी के 42 मकानों पर बुलडोजर चले और मकान मलबे का ढेर बन गए। दो दशक तक यहां पर खरीदी-बिक्री का खेल चलता रहा, लेकिन सरकारी तंत्र निद्रा में रहा। जमीन का विवाद वर्ष 2003 से अदालत में चल रहा था, लेकिन इस दौरान प्लाट बिकते रहे, रजिस्ट्रियां होती रहीं और मकान बनते रहे। लोगों ने जीवनभर की कमाई लगाकर आशियाने बनाए।
नगर निगम ने संपत्तिकर और कचरा शुल्क वसूला, बिजली-पानी के कनेक्शन मिले और सड़कें भी बनीं। इसके बावजूद किसी विभाग ने समय रहते इस बसाहट को रोकने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। अपनी जीवनभर की पूंजी लगाकर प्लाट खरीदकर मकान बनाने वाले सड़क पर आ गए।
सहकारिता विभाग और गृह निर्माण संस्था :- न्याय नगर कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी संस्था का जमीन को लेकर श्रीराम बिल्डर्स के साथ 2003 से विवाद चल रहा था। सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी संस्था की जमीन और गतिविधियों की निगरानी करने की थी। इसके बावजूद विवादित जमीन पर प्लाटिंग और निर्माण हुए। विभाग ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं की।
नगर निगम :- अवैध कालोनी में मकान बनते रहे, लेकिन निगम निर्माण की वैधता नहीं जांच पाया। निगम ने रहवासियों से संपत्तिकर और कचरा शुल्क वसूला, नर्मदा जल कनेक्शन और सड़क जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं। वर्ष 2021 में न्यायनगर एक्सटेंशन को अवैध कालोनी मानकर वैध करने की प्रक्रिया भी शुरू हुई थी। भवन निर्माण की अनुमतियां निगम के अधिकारी जांचने नहीं पहुंचे।
राजस्व विभाग :- खसरा क्रमांक 66/2 की करीब 0.720 हेक्टेयर जमीन विवादित थी। राजस्व विभाग की जिम्मेदारी जमीन के रिकार्ड, स्वामित्व और कब्जे की स्थिति स्पष्ट रखने की थी। इतने वर्षों तक निर्माण होते रहे, लेकिन विभाग ने मौके पर जांच कर प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
पंजीयन विभाग :- रहवासी गब्बर ठाकूर का कहना है कि उन्होंने जाहिर सूचना प्रकाशित कराने के बाद सरकारी कार्यालयों में रजिस्ट्री कराई। कई लोगों ने बैंक से होम लोन भी लिया। यदि कालोनी अवैध थी, तो रजिस्ट्री कैसे हुई और कर्ज तक मंजूर हुए। रहवासी दशकों तक यहां पर रहे, लेकिन किसी ने पहले नहीं चेताया। 2023 में पता चला कि कालोनी का कोर्ट में केस चल रहा है।
कृष्णबाग कॉलोनी में नोटरी के आधार पर नगर निगम में संपत्तिकर खाते खुलवा लिए, इसके आधार पर रजिस्ट्री हो गई। नगर निगम को रोकना था, लेकिन रोका नहीं गया। संस्था ने श्रीराम बिल्डर को जमीन बेची, लेकिन श्रीराम बिल्डर ने नामांतरण नहीं कराया और खसरे पर जमीन मालिक का ही नाम दर्ज रहा। यदि नामांतरण हो जाता, तो खसरे में जानकारी दर्ज होती और रजिस्ट्री नहीं हो पाती। संस्था की जमीन पर सहकारिता विभाग को अवैध बसाहट रोकनी थी, लेकिन कुछ नहीं किया। निजी बैंकों ने भी यहां पर जमीन का टाइटल और विभिन्न अनुमतियों की जांच किए बिना लोन दिए। - प्रमोद द्विवेदी, अध्यक्ष पंजीयन कार्यालय अभिभाषक समिति।