
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जमीन का सीमांकन कराने और अवैध कब्जा हटवाने की कार्रवाई के नाम पर ढाई लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त ने सांवेर एसडीएम कार्यालय में पदस्थ लिपिक मनीष के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम उजालिया, तहसील देपालपुर निवासी राहुल कुमावत ने दो सितंबर को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी।
उन्होंने बताया कि ग्राम हरियाखेड़ी, तहसील सांवेर में खसरा नंबर 129/1/1/1 पर राहुल की 1.368 हेक्टेयर पुश्तैनी जमीन है। पिता के निधन के बाद जमीन मां कमलाबाई के नाम दर्ज है। राहुल ने सीमांकन कराने और उस पर हुए अवैध कब्जे हटवाने के लिए करीब एक वर्ष पहले आवेदन दिया था।
कार्रवाई नहीं होने पर वह 31 अगस्त को सांवेर एसडीएम कार्यालय पहुंचा, जहां लिपिक मनीष ने प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले ढाई लाख रुपये मांगे। राहुल ने इसके डिजिटल साक्ष्य भी प्रस्तुत किए। सत्यापन में पुष्टि के बाद एफआइआर की कार्रवाई की गई।