इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि, CBSE 12th Exam 2021। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा बारहवीं बोर्ड परीक्षा चार मई से 14 जून तक आयोजित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार केमिस्ट्री (रसायन शास्त्र) का पेपर 18 मई को होना है। इस विषय की तैयारी करने के लिए विद्यार्थियों के पास अब करीब एक महीने का समय बचा है। जवाहर नवोदय विद्यालय थांदला के केमिस्ट्री विशेषज्ञ संतोष कुमार चौरसिया ने आर्गेनिक, इनआर्गेनिक और फिजिकल केमिस्ट्री पर आधारित सवाल की तैयारी करने के लिए विद्यार्थियों को खास टिप्स दिए हैं।
केमिस्ट्री: इस सत्र में परीक्षा प्रणाली में ये मुख्य बदलाव हुए हैं।
संतोष चौरसिया ने बताया कि इस विषय के प्रश्न पत्र में आब्जेक्टिव सवालों की संख्या 20 से घटाकर 16 कर दी गई है। इस तरह कुल सवालों की संख्या घटकर 33 हो जाएगी। इसके अलावा आब्जेक्टिव सवालों वाले सेक्शन में इस सत्र (2020-21) में दो पैसेज पर आधारित सवाल भी पूछे जाएंगे। प्रत्येक सवाल के चार उपभाग होंगे। हर उपभाग के लिए एक अंक निर्धारित किया गया है।
केमिस्ट्री : इस सेक्शन से आते हैं सबसे ज्यादा सवाल।
संतोष चौरसिया के मुताबिक बोर्ड परीक्षा में सबसे ज्यादा सवाल आर्गेनिक केमिस्ट्री के पूछे जाते हैं। पिछले कुछ सालों के विश्लेषण के हिसाब आर्गेनिक केमिस्ट्री से तकरीबन 28 अंकों के प्रश्न आते हैं। वहीं इनआर्गेनिक केमिस्ट्री और फिजिकल केमिस्ट्री से क्रमश: 19 और 23 अंकों के सवाल पूछे जाते हैं।
केमिस्ट्री : नेम रिएक्शन की ऐसे करें तैयारी।
संतोष चौरिसया के अनुसार परीक्षा में आर्गेनिक केमिस्ट्री सेक्शन से सबसे ज्यादा सवाल नेम रिएक्शन से पूछे जाते हैं। कई बार इस विषय से डायरेक्ट और कई बार इनडायरेक्ट प्रश्न आते हैं। इसलिए एक चार्ट में सारे मैकेनिज्म के साथ नेम रिएक्शन को लिखकर अच्छे से समझ लें। अगर आप नेम रिएक्शन को अच्छे से समझ जाते हैं तो कन्वर्जन रिएक्शन और रिएक्शन मैकेनिज्म आपके लिए आसान हो जाएगा।
केमिस्ट्री: न्यूमेरिकल सवालों के लिए इन विषयों को ध्यान से पढ़ें।
संतोष चौरसिया ने बताया कि पिछले सालों के पेपर एनालिसिस के हिसाब से इलेक्ट्रो केमिस्ट्री, केमिकल काइनेटिक्स, लिक्विड साल्यूशन और सालिड स्टेट से सबसे ज्यादा न्यूमेरिकल सवाल पूछे जाते हैं। एनसीईआरटी में दी गई एक्सरसाइज के अलावा दिए गए उदाहरणों को भी अच्छे से पढ़ना होगा। इंटेक्स्ट प्रश्न को भी हल जरूर करें। बोर्ड परीक्षा में कभी-भी बहुत कठिन सवाल नहीं पूछे जाते हैं। पांच अंकों के सवाल को भी भागों में पूछा जाता है, लेकिन इन्हें हल करने के लिए आप का कन्सेप्ट क्लियर होना चाहिए। साथ ही आपको फार्मूला भी याद रहना चाहिए।