
इंदौर। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सात शहरों में सेंट्रल कंट्रोल कमांड सेंटर बनाने की बागडोर राज्य सरकार ने अपने हाथ में ले ली है। कमांड सेंटर से विभिन्ना आईटी सुविधाओं का नियंत्रण और मॉनीटरिंग का काम एक जगह से हो सकेगा। ये सेंटर इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर और सतना में बनाए जाएंगे। इनके निर्माण में करीब 300 करोड़ रुपए के खर्च का अनुमान है। पहले इनका निर्माण स्थानीय निकायों द्वारा अपने स्तर पर अलग-अलग बातें तय करके किया जा रहा था लेकिन नगरीय विकास विभाग ने तय किया है कि वही अब एकमुश्त सभी शहरों के कमांड सेंटर बनाने के लिए टेंडर बुलाएगा।
इंदौर में सेंट्रल कंट्रोल कमांड सेंटर पहले अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लि. (एआईसीटीएसएल) द्वारा बनाया जा रहा था। इसकी दो मंजिला बिल्डिंग भी बनकर तैयार हो चुकी है और कंट्रोल सेंटर बनाने के लिए एआईसीटीएसएल भी पहले कंपनियों से ऑफर मांग चुकी है। अब नए फैसले के बाद यह प्रक्रिया निरस्त कर सारे सूत्र शासन को दे दिए गए हैं। भोपाल में ऐसे दो सेंटर बनेंगे।
एक सेंटर पर भोपाल स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की गतिविधियों पर निगाह रखी जाएगी जबकि नगरीय विकास विभाग मुख्यालय में बनने वाले सेंटर में पूरे प्रदेशभर के स्मार्ट सिटी शहरों के डाटा और स्थिति पर निगाह रखी जा सकेगी। अभी विभाग को किसी भी शहर का डाटा मंगवाने के लिए कसरत करना पड़ती है, लेकिन मुख्यालय में सेंटर बनने से यह समस्या खत्म हो जाएगी।
.jpg)