
इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जल शक्ति अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए इंदौर आए केंद्र सरकार के दल ने इंदौर के ग्राम सिमरोल में ढाई सौ साल पुरानी होलकर कालीन बावड़ी का मुआयना किया। दल के सदस्य कई अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी गए।
गृह मंत्रालय में निदेशक पौसुमी बसु के नेतृत्व में आए दल ने मंगलवार को महू जनपद में वाटर शेड परियोजना के तहत निर्मित अमृत सरोवरों का निरीक्षण किया। दल ने ग्राम सिमरोल में ढाई सौ वर्ष पुरानी बावड़ी देखी। यह बावड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी। ग्राम पंचायत इसका जीर्णोद्धार करवा रही है। इस बावड़ी से ग्राम में पेयजल भी प्रदाय हो रहा है। जिला पंचायत सीईओ वंदना शर्मा ने बताया कि दल ने ग्राम बैका स्थित ढेपाला पाला में 32 लाख रुपये की लागत से निर्मित किए अमृत सरोवर को देखा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्व सहायता समूह की महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित थे। उपस्थित ग्रामीणों ने जांच दल को बताया कि उक्त स्थान पर सरोवर निर्माण की 30 वर्ष से मांग थी। ग्राम में पानी की भीषण समस्या थी। वर्तमान में अमृत सरोवर अभियान के कारण पानी की समस्या दूर हुई है। इस खुशी में ग्रामीणों ने ढोल व पटाखों के साथ दल का स्वागत किया।
एक के बजाय अब ले पाएंगे दो फसल - यहां निर्मित होने वाले सरोवर में 45000 घनमीटर पानी संचय हो सकेगा और 100 बीघा जमीन सिंचित हो सकेगी। अभी जो एक ही फसल ले पाते थे, अब दो फसल लेकर अधिक कमाई कर सकेंगे। सरोवर स्थल पर 15 अगस्त को झंडावंदन के लिए फ्लैग पोस्ट भी बनाया गया है। टंट्या मामा भील की कर्मभूमि से जुड़ा होने के कारण सरोवर का नाम टंट्या मामा भील अमृत सरोवर रखा गया है। जल शक्ति मंत्रालय के तकनीकी उपसंचालक अश्वनी वर्मा ने तालाबों में निर्मित बांध और वेस्ट वियर के संबंध में तकनीकी मापदंडों का परीक्षण किया। इस दौरान कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एसके सोलंकी, परियोजना अधिकारी मनरेगा अनिल पवार भी उपस्थित थे।