CM Mohan Yadav In Indore: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। वर्चुअल तौर पर जुड़े प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस कार्यक्रम में कहा कि श्रमिक भाई-बहनों की बरसों की तपस्या, कई वर्षाें के संकल्पों और सपनों का साकार होना है। मेरे लिए बहुत ही सम्मान की बात। मध्य प्रदेश में यह मेरा पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है।
वर्चुअल तौर पर जुड़े प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हुकमचंद मिल के मजदूरों को लिक्विडेटर चेक सौंपा। प्रधानमंत्री मोदी ने बटन दबाकर राशि मजदूरों के खातों में ट्रांसफर किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हुकमचंद मिल के मजदूरों को बकाया मिलने के ऐलान के बाद इंदौर में उत्सव का माहौल हो गया। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि आज अटलजी के जन्म जयंति है। आज सांकेतिक तौर पर 254 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया है। करीब 40 सालों से आप संघर्ष कर रहे हैं। कई परेशानियों का सामना किया है। आपके धैर्य के आगे नतमस्तक हूं। मेरे लिए देश में चार जातियां सबसे बड़ी है, गरीब, युवा, माता-बहनें और किसान।
मप्र सरकार ने गरीबों का जीवन बदलने के लिए कई कदम उठाए हैं। स्वच्छता और स्वाद के लिए मशहूर इंदौर कई क्षेत्रों में अग्रणी रहा, कपड़ा मार्केट में नाम रहा है। महाराजा तुकोजी राव मार्केट देश मे अग्रणी है, इंदौर के कपास देश भर में जाता था। इंदौर की कपड़ा मिलों ने देश मे अलग मुकाम पाया। मालवा का कपास ब्रिटेन में जाता था। इंदौर में बने कपड़े की मांग देश-विदेशों में होती थी। बाहर से आए श्रमिक भी यहां आकर बसें। कभी इंदौर की तुलना मैनचेस्टर से होती थी। वक्त बदला पुरानी सरकारों का खामियाजा उठाना पड़ा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, अब फिर से सुधार हो रहा है। डबल इंजन की नई सरकार को मजदूरों का पूरा सहयोग मिलेगा। प्रदेश की नई टीम ऐसे ही कई उल्लेखनीय कार्य करेगी। कई निवेश किए जा रहे हैं। रोजगार के हजारों अवसर मिलेंगे। अर्थव्यवस्था आगे बढ़ेगी। मप्र में पर्यटन को भी बढ़ावा दे रहे हैं। मप्र में एशिया का सबसे बड़ा गोबर गैस प्लांट भी है। जलूद सोलर प्लांट के शुभारंभ से 4 करोड़ की राशि बचेगी। ग्रीन बांड के जरिये लोगों से धन जुटाया इससे जनभागीदारी बढ़ेगी। गारंटी पूरा करने में राज्य सरकार जुटी है। चुनाव की वजह से संकल्प यात्रा देरी से शुरू हुई, लेकिन 600 से अधिक कार्यक्रम हो चुके हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ लें। हमारी कोशिश है कि मोदी की गारंटी का लाभ सभी को मिले। गरीबों के कार्यक्रम में शामिल होने में मेरे लिए खुशी होती है। मेरी सभी को शुभकामनाएं।
मजदूरों की भावनाएं समझता हूं- मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने बटन दबाकर सोमवार को 428 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया।
मोहन यादव ने कहा कि मैं खुद मजदूर का बेटा हूं। उज्जैन में भी हुकमचंद मिल के जैसे ही मिल का मामला देख चुका हूं। मजदूरों और उनके परिवार का हाल देख चुका हूं। इसलिए मैं समझता हूं कि क्या परेशानियां आती है। हम उनके साथ हैं।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मजदूर के बेटे हैं औऱ वह उनका दर्द समझते हैं। इसलिए उन्होंने शपथ लेने के बाद पहला काम उनके हक में किया। मैं उनका धन्यवाद करता हूं। हमने अहिल्या को नहीं देखा, लेकिन अहिल्या की तरह काम करने वाली ताई को देखा हैं। मधु भैया ने बड़ा शिकार किया है, उनके लिए ताली बजनी चाहिए, एक नंबर का विधायक कोन है, मैं ही हूं।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि ओलंपिक का एक खेल होना चाहिए, कुश्ती का मैच हो, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का कुश्ती मैदान बन जाए इंदौर में।
वह सोमवार सुबह 11 बजे इंदौर पहुंचे। हैलीपेड पर उनका स्वागत कैलाश विजयवर्गीय ने किया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर आगमन पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुष्पगुच्छ और अंग वस्त्र पहनाकर स्वागत आगमन किया। इस दौरान तुलसी सिलावट, महेंद्र हार्डिया व अन्य भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गरिमामयी उपस्थिति (वर्चुअली) एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में इंदौर में आयोजित 'मजदूरों के हित मजदूरों को समर्पित' कार्यक्रम#मजदूरों_को_समर्पित_MPhttps://t.co/myfV5wrmg7
— Jansampark MP (@JansamparkMP) December 25, 2023
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज इंदौर हेलीपैड पर एशियाई चैंपियनशिप में घुड़सवारी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली श्रुति हजेला को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव आज इंदौर हेलीपैड पर पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने ढोल ताशों के साथ भी उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत में कन्यापूजन किया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव यहां कनकेश्वरी धाम में आयोजित कार्यक्रम में हुकमचंद मिल के मजदूरों को सांकेतिक रूप से चेक सौंपेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इस कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे। कार्यक्रम सोमवार सुबह 11 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव कार्यक्रम में आठ विभागों के 71 कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
इन विकास कार्यों की कुल लागत 105.73 करोड़ हैं। इसी तरह तीन विभागों के विकास कार्यों का भूमिपूजन/शिलान्यास भी किया जाएगा। इसकी कुल लागत 322.85 करोड़ रुपये है। कार्यक्रम स्थल पर विकसित भारत संकल्प यात्रा कैंप भी आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री मंच से केंद्र की महत्वपूर्ण योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे। वे 175 दिव्यांगजनों को रेट्रोफिटेड स्कूटी का वितरण भी करेंगे। इसी के साथ ही रेडक्रॉस में डोनेशन के लिए रेडक्रास एप का भी शुभारंभ भी किया जाएगा।
मिल गेट पर हुई मजदूरों की 1650 वीं साप्ताहिक बैठक, कार्यक्रम का न्यौता देने पहुंचे विजयवर्गीय और मेंदोला
इधर रविवार दोपहर को मिल के गेट पर मजदूरों की 1650 वीं साप्ताहिक बैठक हुई। मजदूर नेता नरेंद्र श्रीवंश ने बताया कि बैठक में करीब 2200 मजदूर और उनके स्वजन शामिल हुए। सभी के चेहरे पर इस बात का संतोष था कि 32 वर्षों के संघर्ष के बाद आखिर उन्हें उनका हक मिल ही गया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला और महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी इस बैठक में शामिल हुए।
नेताओं ने मजदूरों और उनके स्वजन को 25 दिसंबर को कनकेश्वरी धाम में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए न्यौता दिया। इसके पहले महापौर भार्गव के पिता डा. राजेंद्र शर्मा भी मजदूरों की बैठक में पहुंचे। उन्होंने मजदूरों के 32 वर्ष पुराने संघर्ष को नमन करते हुए उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में विजयवर्गीय और मेंदोला ने मजदूरों के संघर्ष से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
विजयवर्गीय ने कहा कि मजदूरों के संघर्ष में मैं भी शामिल रहा हूं। मैं मजदूरों को पीले चावल देने आया हूं कि वे कनकेश्वरी धाम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हों। कार्यक्रम स्थल पर उनके बैठने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में मिल मजदूरों के लिए पहली याचिका हाई कोर्ट में प्रस्तुत करने वाले विष्णु उस्ताद की पत्नी का साफा बांधकर स्वागत किया गया।
भावुक हुए मजदूर और उनके स्वजन
हुकमचंद मिल के गेट पर आयोजित इस अंतिम बैठक में शामिल कई मजदूर और उनके स्वजन भावुक भी हुए। मजदूरों ने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए नम आंखों से कहा कि उन्हें अब भी पुराने दिन याद हैं। संतोष इस बात का है कि हमारा संघर्ष अंजाम तक पहुंच गया। कई मजदूर और उनके स्वजन ने संस्मरण भी बताए।
मिल के गेट पर जमा होंगे मजदूर
मजदूर नेता श्रीवंश ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मजदूर सोमवार सुबह 9 बजे हुकमचंद मिल गेट पर जमा होंगे। इसके अलावा कई मजदूर सीधे कार्यक्रम स्थल भी पहुंचेंगे। मिल गेट पर मजदूरों के लिए सुबह के समय पोहे-जलेबी के नाश्ते की व्यवस्था की गई है। मजदूरों को यहां से बस द्वारा कार्यक्रम स्थल ले जाया जाएगा। मिल के मजदूर और उनके स्वजन के लिए महापौर की तरफ से भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
मजदूरों से संवाद नहीं होगा
श्रीवंश ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहले प्रधानमंत्री के मजदूरों से संवाद की योजना भी थी लेकिन इसे निरस्त कर दिया गया। कलेक्टर इलैयाराजा टी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल तो होंगे लेकिन समय की कमी की वजह से वे मजदूरों से संवाद नहीं करेंगे।