
फोटो है...
- खुड़ैल थाना क्षेत्र में काजी पलासिया के समीप हुई घटना, आठ लोग गिरफ्तार
इंदौर। नईदुनिया प्रतिनिधि
ग्रामीण क्षेत्र से बच्चों को लेकर आ रही स्कूल बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया और बकरी का बच्चा मर गया। गुस्साए लोगों ने बस पर पथराव कर दिया। बच्चे रोते रहे और लोगों ने कांच फोड़ दिए। पथराव और तोड़फोड़ से नौ बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
खुड़ैल पुलिस के मुताबिक, घटना काजी पलासिया की है। नेमावर रोड स्थित सोनी इंटरनेशनल स्कूल की बस (एमपी 09एफए 8616) खुड़ैल व आसपास के गांवों से बच्चे लेकर लौट रही थी। नई आबादी पहुंचते ही बस का ब्रेक फेल हो गया। ड्राइवर मुकेश कुशवाह ने हैंडब्रेक लगाकर बस रोकने की कोशिश की लेकिन बस खेत में चली गई और बकरी के बच्चे को चपेट में ले लिया। बकरी का बच्चा मरने से गुस्साई रिजवाना बी बस में चढ़ गई और ड्राइवर मुकेश की पिटाई कर दी। उसके बेटे मो.अल्पेश ने आवाज लगाकर ग्रामीणों को बुला लिया। लोगों ने आते ही बस पर पथराव शुरू कर दिया। उस वक्त बस में करीब 50 बच्चे थे। कांच फूटने से कई बच्चे घायल हो गए और रोने-चीखने लगे। शिक्षिका पल्लवी पांधे ने भी लोगों को रोकने की कोशिश की। घटना स्थल के समीप सरकारी स्कूल में 12वीं की परीक्षा चल रही थी। यहां खुड़ैल थाने का सिपाही विजय पहरा दे रहा था। बच्चों के रोने की आवाज सुन वह मौके पर पहुंचा और भीड़ को खदेड़ा। वायरलेस सेट से प्रसारण कर थाने से बल बुलवाया। पुलिस ने तुरंत घायल बच्चों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल भेजा। सूचना मिलने पर परिजन भी थाने और अस्पताल पहुंच गए।
इन बच्चों को आई चोट
आयुष चौधरी (आठवीं), मयंक पटेल (छठी), निहारिका (केजी सेकंड), सुजल चौधरी (सातवीं), नवीन डांगी (पांचवीं), राघव डांगी (चौथी), आर्यन राणा (आठवीं), अनुराग चौधरी (छठी), निधि राणा (केजी सेकंड) को कांच फूटने से चोट आई है। सभी को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल लाया गया।
इन पत्थरबाजों पर केस
एसआई सुंदरलाल पटेल के मुताबिक रफीक, शकील, रसीद, आरिफ, साबिर, हकीम, नईम, नासिर, जावेद, नौशाद, मो.अल्पेश, रिजवाना बाई के खिलाफ केस दर्ज कर आठ को गिरफ्तार भी कर लिया। पुलिस ने हकीम की शिकायत पर बस ड्राइवर मुकेश कुशवाह के विरुद्ध भी केस दर्ज किया है।