
इंदौर। सीपी शेखर नगर बस्ती अब पूरी तरह खाली हो सकेगी। नगर निगम ने शनिवार को बस्ती में बचे 212 परिवारों को लॉटरी के जरिए फ्लैट आवंटित कर दिए। निगम मुख्यालय के परिषद् सभागृह में रहवासियों की मौजूदगी में फ्लैटों की लॉटरी निकाली गई।
सिटी इंजीनियर हरभजनसिंह ने बताया कि अगले चरण में 7 सितंबर को हरसिद्धि जोन पर शिविर लगाकर फ्लैटों के आवंटन पत्र दिए जाएंगे। सोमवार से ही परिवारों की शिफ्टिंग का काम शुरू हो जाएगा। 212 परिवारों को भूरी टेकरी में फ्लैट दिए गए हैं। इससे पहले निगम 1023 परिवारों को लॉटरी के जरिए फ्लैट आवंटित कर बांगड़दा और नैनोद में बने फ्लैटों में शिफ्ट कर चुका है। इस तरह निगम रिकॉर्ड के मुताबिक 1235 परिवारों की शिफ्टिंग का काम अगले हफ्ते तक पूरा कर लिया जाएगा। सिंह ने स्पष्ट किया कि सोमवार से हाथोहाथ परिवारों की शिफ्टिंग शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद वहां कोई परिवार नहीं बचा है। परिवारों की शिफ्टिंग कराने में निगम का अमला मदद करेगा और मकानों का जो सामान लोग ले जाना चाहते हैं, उन्हें ले जाने दिया जाएगा। आखिर में निगम लोगों की रजामंदी से बचे निर्माण हटा देगा ताकि अपात्र लोग खाली झुग्गियों में न आ जाएं। -नगर प्रतिनिधि