
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : सुपर कॉरिडोर स्थित गांधी नगर से रेडिसन चौराहे स्थित मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन के बीच शहरवासी 25 सितंबर से रात 9.30 बजे तक सफर कर सकेगे।
गौरतलब है कि अभी तक रात 7.30 बजे तक संचालन किया जा रहा था। मेट्रो प्रबंधन द्वारा रेल सेवा की समय सारणी में संशोधन किया गया है।
25 सितंबर से मेट्रो सुबह 7.30 से रात 9.30 बजे तक संचालित होगी। वही रविवार व शासकीय अवकाश के दिनों में मेट्रो सेवा दोपहर 12.50 से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इन दिनों गांधी नगर से मालवीय नगर की ओर पहली मेट्रो दोपहर 12:50 बजे रवाना होगी।
मालवीय नगर से गांधी नगर की ओर पहली मेट्रो दोपहर 1:00 बजे रवाना होगी। गांधी नगर से अंतिम मेट्रो रात्रि 8:10 बजे तथा मालवीय नगर से रात्रि 9:00 बजे रवाना होगी। बीते 16 दिनों में मेट्रो में 50 हजार से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया है।
मेट्रो प्रबंधन द्वारा यात्रियों को एमपीएमआरसीएल मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल टिकट प्राप्त करने की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा टिकट का भुगतान यूपीआई , क्यूआर कोड, ई-वालेट तथा एमपी मेट्रो मोबाइल एप के माध्यम से किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- इंदौर वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी! 17 किमी लंबे रूट पर इस तारीख से दौड़ेगी मेट्रो, जानें स्टेशन और किराए की लिस्ट