इंदौर में कचरे के ढेर में महापौर के पोस्टर लगाकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सफाई मित्रों की मांग पर निगम घेरा
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जो सफाई मित्र शहर को साफ रखने के लिए दिन-रात काम करते हैं, उनकी लंबित मांगों का समाधान प्राथमिकता से होना चाहिए।
Publish Date: Wed, 07 Oct 2026 10:20:02 AM (IST)Updated Date: Wed, 07 Oct 2026 10:51:45 AM (IST)
इंदौर में कचरे के ढेर में महापौर का पोस्टर रखकर प्रदर्शन।HighLights
- कचरे के ढेर के बीच लगाए गए पोस्टर लोगों के बीच चर्चा का विषय बने
- कचरे को तत्काल उठाने और सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई
- लंबे समय से कार्यरत सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर में सफाई मित्रों लंबित मांगों को लेकर अब कांग्रेस भी उनके साथ में उतर आई है। कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। शहर में जमा कचरे के ढेर के बीच महापौर पुष्यमित्र भार्गव के पोस्टर लगाए गए। पोस्टरों पर लिखा था— 'महापौ१र एक काम करो, कचरे के ढेर में डूब मरो', साथ ही 'सफाई मित्रों की मांगें पूरी करो, इंदौर को कचरा मुक्त करो' का संदेश दिया गया।
सफाई मित्रों की प्रमुख मांगें
- लंबे समय से कार्यरत सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए
- समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए
- करीब 5 हजार नए स्थायी सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाए
- एनजीओ/ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को स्थायी रोजगार दिया जाए
- मेडिकल आधार पर पात्र परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति दी जाए
- ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए
- विनियमित कर्मचारियों को नियुक्ति दिनांक से स्थायी मानने की मांग
- दीपावली पर अतिरिक्त वेतन देने की मांग
- लंबित वेतन-भत्तों और सेवा लाभों का निराकरण
- अवकाश नगदीकरण और अन्य लंबित सेवा संबंधी मामलों का समाधान
सफाई कर्मचारियों ने इन मांगों को लेकर अक्टूबर 2026 में नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और काम बंद करने की चेतावनी दी थी। रिपोर्टों के अनुसार नियमितीकरण और अन्य सेवा संबंधी मुद्दे आंदोलन के केंद्र में हैं।
कचरे के बीच पोस्टर बना विरोध का केंद्र
कांग्रेस के इस प्रदर्शन में कचरे के ढेर के बीच लगाए गए पोस्टर लोगों के बीच चर्चा का विषय बने। प्रदर्शनकारियों ने सफाई मित्रों की मांगों के समाधान के साथ-साथ शहर में जमा कचरे को तत्काल उठाने और सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जो सफाई मित्र शहर को साफ रखने के लिए दिन-रात काम करते हैं, उनकी लंबित मांगों का समाधान प्राथमिकता से होना चाहिए। वहीं, नगर निगम की ओर से पहले भी सफाई कर्मचारियों की मांगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसमें नियमितीकरण, वेतन-भत्ते और अनुकंपा नियुक्ति जैसे विषय शामिल हैं।