
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : छात्रों की गूंज आयोजन को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस को यदि युवाओं के साथ होने का भरोसा होता तो उसे छात्रों के बीच अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को खड़ा करने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
छात्रों के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे करना यह बताता है कि कांग्रेस युवाओं का विश्वास हासिल करने के बजाय राजनीतिक प्रबंधन और प्रचार के सहारे अपनी मौजूदगी दिखाने का प्रयास कर रही है। छात्रों के बीच कार्यकर्ता खड़े करना साबित करता है कि कांग्रेस से युवा दूर हैं।
स्थानीय भाजपा कार्यालय पर दिल्ली विवि में अभाविप की जीत का जश्न भी मना। नेताओं ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव—तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है।
यह परिणाम विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में युवाओं के बीच राष्ट्रवादी विचारधारा की मजबूत उपस्थिति को दर्शाता है। दिल्ली के छात्रों ने एनएसयूआई और वामपंथी संगठनों को पीछे छोड़ते हुए अपना जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि युवा केवल नारों और राजनीतिक प्रचार से प्रभावित नहीं होते, बल्कि वे अपने भविष्य, शिक्षा, अवसरों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी राय व्यक्त करते हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस को बड़े-बड़े दावों और प्रायोजित आयोजनों के बजाय युवाओं के बीच अपनी वास्तविक स्वीकार्यता पर आत्ममंथन करना चाहिए। युवा शक्ति को राजनीतिक प्रोपेगेंडा से नहीं, बल्कि विश्वास, अवसर और भारत के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प से जोड़ा जा सकता है।
इससे पहले दोपहर में इंदौर पहुंचे राहुल गांधी को भाजपा नेत्रियां काले झंडे दिखाने पहुंची। महिला संघर्ष समिति के बैनर तले पहुंची नेत्रियों ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का राहुल गांधी और कांग्रेस ने विरोध किया। रेडीसन होटल के पहले ही महिलाओं को पुलिस ने रोक लिया।
यह भी पढ़ें- 'मां राजनीति का विषय नहीं होती, बेहद शर्मनाक...', इंदौर में राहुल गांधी के मिमिक्री वाले वीडियो पर भड़की बीजेपी