यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Indore News: वर्षा के बाद ही शुरू होगा एमआर-3 व एमआर-5 सड़क का निर्माण, अभी नाप रहे लेवल
Indore News: निगम द्वारा शहर में पहली बार लोन लेकर इन सड़कों के निर्माण का निर्णय लिया गया है।
By Sameer DeshpandeEdited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Sat, 02 Jul 2022 12:28:27 PM (IST)Updated Date: Sat, 02 Jul 2022 12:28:27 PM (IST)

Indore News: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। नगर निगम द्वारा रीजनल पार्क से बायपास तक बनने वाली एमआर-3 व इंदौर वायर से बड़ा बांगड़दा के बीच बनने एमआर-5 सड़क का निर्माण कार्य वर्षा काल के बाद शुरू हो पाएगा। ऐसे में निगम द्वारा अभी सड़क के लेवल नापने का काम किया जा रहा है और यह कार्य अगले 15 दिनों में पूर्ण होगा। इसके बाद सड़क निर्माण में बाधक हिस्सों को हटाने के लिए निशान लगाने का काम किया जाएगा। ऐसे में वर्षाकाल के दौरान निगम ने सड़क निर्माण में बाधक हिस्सों को हटा लेगा। इसके बाद ही रोड निर्माण कार्य शुरू होगा।
गौरतलब है कि 55 करोड़ रुपये की लागत से एमआर-5 सड़क व 42 करोड़ रुपये की लागत से एमआर-3 की सड़क का निर्माण किया जा रहा है। निगम द्वारा शहर में पहली बार लोन लेकर इन सड़कों के निर्माण का निर्णय लिया गया है। लोन चुकाने के लिए निगम रोड के आसपास रहने वालों से बेटरमेंट टैक्स भी लेगा।
चोइथराम मंडी से बायपास जाने वालों को होगी आसानी
एमआर-3 सड़क बनने से चोइथराम मंडी से पीपल्याहाना, रीजनल पार्क होते हुए बायपास जाने वालों काे काफी आसानी होगी। अभी बायपाास जाने वाले वाहनों को खंडवा रोड या राऊ होकर जाना पड़ता है। कई बार चोइथराम मंडी में जो फल व सब्जी के ट्रक आते हैं, उन्हें भी करीब 15 किलोमीटर घूमकर आना पड़ता है। इसके कारण रिंगरोड पर ट्रैफिक जाम भी लगता है। मंडी में आने वाले ट्रकों के अलावा इस क्षेत्र के आम लोग भी आसानी से बायपास पर जा सकेंगे। इसी तरह एमआर-5 सड़क बनने से इंदौर वायर से बड़ा बागड़दा जाने वाले वाहन चालकों को सुविधा होगी। अभी यह रोड काफी संकरी है और शाम के समय यहां पर काफी ट्रैफिक जाम होता है। रोड बनने से इसके आसपास की कालोनियों के लोगों को ट्रैफिक जाम की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।