
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि,Corona Curfew Indore। कोरोना कर्फ्यू के दौरान भी नियम विरूद्ध काम करने से कई लोग बाज नही आ रहे। जिस हानिकारक पालिथीन के उपयोग पर पाबंदी लगाई जा चुकी है उसे भी एक से दूसरी जगह भेजने का काम हो रहा है।
नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल के निर्देश पर लोहा मंडी में श्रेत्रीय सीएसआइ अरविंद पथरोड और अन्य अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई की तो पता लगा कि एक व्यापारी बड़ी संख्या में पालिथीन बैग को दूसरी जगह भेज रहे थे। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए 30 कट्टे पालिथीन के जब्त किए है। यह माल गुजरात से भोपाल भेजा जा रहा था जो पूनम इंटरप्राइजेस का था। माल एक लोडिंग वाहन में रखा मिला। अधिकारियों ने कार्रवाई के लिए व्यापारी को लोहा मंडी में बुलाया और प्लास्टिक कैरी बैग जब्त कर 50 हजार रुपये का स्पाट फाइन किया। कार्रवाई में जोन 18 के सहायक सीएसआइ मनीष यादव और जोन 13 के सहायक सीएसआइ कौशल करोसिया तथा दरोगा आनंद खोड़े भी कार्रवाई में मौजूद थे। अधिकारियों ने कार्रवाई की जानकारी निगम कंट्रोल रूम को दी गई और कैरी बैग जब्त कर ट्रेचिंग ग्राउंड नष्ट करने के लिए पहुंचाए गए।
पहले भी की जा चुकी है कार्रवाई
देश के सभी राज्यों में प्लास्टिक के कैरी बैग के उपयोग को बंद करने की कोशिश की जा रही है। नगर निगम इंदौर भी दो साल से लगातार प्लास्टिक बैग बनाने की फैक्ट्री और दुकानदारों पर कार्रवाई कर रहा है। समय-समय पर इसका उत्पादन और ब्रिकी पर रोक लगाने के लिए सब्जी मंडी, हाट बाजार, फल-सब्जी विक्रेताओं और कई दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। निगम को जहां से भी इसके परिवहन और ब्रिकी की जानकारी मिल रही है अधिकारी जाकर कार्रवाई को अंजाम दे रहे हैं।