
इंदौर। मांडू के महलों में गूंजती प्रेम कहानी, बांधवगढ़ का वन्य जीवन, खजुराहो की खूबसूरती, मैहर का रहस्य, गौंड की बोलियों जैसे मध्यप्रदेश के अलग-अलग रंग परिधानों में भी नजर आएंगे। 15 जुलाई को अभय प्रशाल में होने जा रहे फैशन शो 'विविध में हमारे प्रदेश की कलाओं, भाषाओं, सभ्यता, पयर्टन को पहने हुए देश के टॉप मॉडल्स रैंप पर वॉक करते नजर आएंगे।
16 राउंड में हर एक सीक्वेंस प्रदेश के किसी स्थान विशेष से जुड़ी एक कहानी को फैशन की जुबानी बयां करेगा। आईएनआईएफडी के एनुअल फैशन शो में 18 टॉप मॉडल्स रैंपवॉक करेंगे।
शो में टीवी एक्ट्रेस व मॉडल नवीना बोले, मिस इंडिया वर्ल्ड वाइड रूही चतुर्वेदी, मॉडल व एक्ट्रेस मालविका राज, मिस दीवा मानसी मोघे, एक्ट्रेस आइरिश मैटी, मॉडल व एक्ट्रेस स्नेहा उपाध्याय, एक्ट्रेस व मॉडल जोया अफरोज जैसे फेमस मॉडल्स रैंप पर फैशन के जलवे बिखेरेंगे।
हर राउंड की होगी अपनी कहानी
शो के कोरियोग्राफर शाकिर शेख ने बताया हर राउंड को इस तरह डिजाइन किया है कि वह अपने आप में एक कहानी बताता है। रंगों के चुनाव से लेकर ग्राफिक्स और फैब्रिक का चुनाव रिसर्च के बाद किया गया है। पहले राउंड 'सहज में माहेश्वरी साड़ियों की खूबसूरती झलकेगी तो 'रेवा कांती में नर्मदा के अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे।
शो में स्टूडेंट्स ने मितावली जैसी जगह को भी शामिल किया है, जिसके बारे में कम ही लोगों ने सुना है। 50 स्टूडेंट्स ने 45 दिनों की मेहनत के बाद 144 परिधान तैयार किए हैं। शो मॉडल्स के लिए भी चुनौतीपूर्ण रहेगा, क्योंकि शो के दौरान हर मॉडल को कम से कम 8 चेंज करने होंगे।
एक्टिंग के लिए जरूरी नहीं है जीरो फिगर
एक्ट्रेस और मॉडल जोया अफरोज ने कहा कि मॉडलिंग और एक्टिंग अलग-अलग क्षेत्र हैं और दोनों में ही आपको बहुत अधिक मेहनत करना होती है। उन्होंने कहा कि एक्टिंग के लिए जरूरी नहीं आप जीरो फिगर ही मेंटेन करें। बाहुबली में प्रभास के साथ गाने में नजर आईं मधु स्नेहा उपाध्याय भी रैंप पर नजर आएंगी। उन्होंने बताया वे इस साल के अंत तक आदित्य रॉय कपूर के साथ फिल्म में नजर आएंगी।