
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। साइबर अपराधियों ने क्रिप्टो करेंसी खरीदने-बेचने और मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए। साइबर हेल्पलाइन-1930 पर की शिकायत के बाद एमजी रोड पुलिस ने केस दर्ज किया है। कारोबारी को विदेशी नंबरों से कॉल आया था। वॉट्सऐप ग्रुप में भी शामिल कर लिया गया था। एसआई सचिन त्रिपाठी के अनुसार इमली बाजार (राजवाड़ा) निवासी संजय कंचनलाल ओसवाल द्वारा रिपोर्ट की गई है। नई दिल्ली के सैम्यूल और तरुण खन्ना के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
संजय का रेडीमेड कपड़ों का होलसेल कारोबार है। उसने पुलिस को बताया कि फरवरी माह में विदेशी नंबरों से कॉल आया था। आरोपी ने क्रिप्टो करेंसी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म 'लूनो' का कर्मचारी बताया और निवेश के संबंध में चर्चा की। आरोपी ने एक लिंक भेजी और लूनो के वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ लिया। लिंक भेज कर संजय का रजिस्ट्रेशन करवा दिया और सबसे पहले 10 हजार रुपये से ट्रेडिंग की शुरुआत की।
संजय को पहली बार 12 हजार रुपये रिटर्न मिले तो भरोसा हो गया और लालच में आकर करीब 14 लाख 14 हजार रुपये निवेश कर दिए। संजय को ठग द्वारा बनाए ऐप में लाखों रुपये मुनाफा दिखने लगा था। जब उसने विड्रॉल के सिलसिले में बात की तो आरोपियों ने टालना शुरू कर दिया और उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने पर सोमवार को पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में 'लुटेरी दुल्हन' गैंग का कारनामा, दूसरी शादी के चक्कर में किसान से ठगे ₹6 लाख, विवाह के अगले ही दिन फरार