Cyber Cop App: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। साइबर क्राइम से बचाने के लिए पुलिस ने पहल शुरू की है। सिटीजन काप फाउंडेशन की मदद से ‘साइबर काप’ एप तैयार किया है। जहां न सिर्फ अपराधियों से सावधान रहने के बारे में बताया जाएगा, बल्कि क्राइम का ट्रेंड भी जान सकेंगे। आपराधिक घटना से पीड़ित आवेदक सीधे शिकायत भी कर सकेंगे।
‘साइबर काप’ एप धोखाधड़ी के ताजा तरीकों की जानकारी देता रहेगा। आयुक्त के मुताबिक आवेदक को कई बार शिकायत के लिए परेशान होना पड़ता है। आवेदक अब एप पर आवेदन का फार्मेट निकाल सकता है। फार्म भरकर अपराध शाखा, साइबर सेल या संबंधित थाने में जमा करवा सकता है। एप ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे इसके लिए कालेज स्टूडेंट्स को इंटर्नशिप का मौका दिया जाएगा।
ट्रेनिंग सेशन ले और फोटो भेजे, सर्टिफिकेट मिलेगा
फाउंडर राकेश जैन के मुताबिक एप लोगों को जागरूक करने में कारगर साबित होगा। लोगों को जागरूक करने वाले व्यक्तियों को सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इसके लिए बस ट्रेनिंग सेशन का फोटो अपलोड करना होगा।
साइबर अपराधियों के 10 तरीके कर रहे जेब खाली
1. आरोपित परिचित बनकर काल करते हैं। मुसीबत में होने का बोल कर ई-वालेट के माध्यम से रुपये जमा करवा लेते हैं।
2. टेलीग्राम चैनल पर ट्रेडिंग का प्रलोभन देकर जाल में फंसाते हैं। अपराधी क्रिप्टो करंसी में निवेश करवाने का झांसा देकर ठग लेते हैं।
3. आरोपित काल कर बताता है कि खाता नंबर गलत होने से रुपये आ गए हैं। शक न हो, इसलिए मैसेज भी दिखाता है। बातों में उलझा कर रुपये जमा करवा लेता है।
4. गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बात करते हैं। ओटीपी लेकर रुपये निकाल लेते हैं।
5. बिजली कनेक्शन काटने का मैसेज भेज देते हैं। लोग उस नंबर पर काल कर रुपये जमा करवा देते हैं।
6. क्रेडिट कार्ड रिवार्ड पाइंट, सालाना चार्ज, लिमिट बढ़ाने और पिन जनरेट करने का झांसा देकर रुपये निकाल लेते हैं।
7. आर्मी अधिकारी बनकर ठगी के मामले भी सामने आए हैं। आरोपितों ने डाक्टरों को स्टाफ का उपचार करवाने का बोलकर ठगा है।
8. अश्लील फिल्म देखते हुए वीडियो बनाकर ठगा जाता है। बदनामी के डर से कई लोग आत्महत्या भी कर चुके हैं।
9. बीएसएफ अधिकारी बनकर ठगी होने लगी है। डिफेंस अकाउंट का बोलकर क्यूआर कोड स्कैन करवा लेते हैं।
10. केंद्र व राज्य की योजनाओं का झांसा देकर धोखाखड़ी होने लगी है।