DAVV Affiliation Indore: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम को लेकर अब देवी अहिल्या विश्वविद्यालय काफी गंभीर है, क्योंकि संबद्धता हासिल करने के दौरान कालेजों में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बताई जाती है। मगर बाद स्थिति बिल्कुल विपरित रहती है। इसके चलते विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रबंधन को सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक विद्यार्थी-शिक्षकों की सुरक्षा ठीक से नहीं होने पर संस्थान को संबद्धता जारी नहीं की जाएगी। वैसे विश्वविद्यालय ने कुछ महीनों पहले ही संबद्धता नियमों में सुरक्षा नियमों को जोड़ा था।
दरअसल बीएम कालेज में प्राचार्य पर पंट्रोल डालकर आग लगाने और जूनियर से सीनियर के बढ़ते झगड़ों को देखते हुए विश्वविद्यालय ने संस्थानों में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने पर जोर दिया। यहां तक कि सुरक्षा को संबद्धता से जोड़ दिया था, यानी सुरक्षा बेहतर होने पर कालेजों को संबद्धता जारी होगी। जुलाई में नियमों को लागू भी कर दिया। इसके आधार पर 500 से अधिक विद्यार्थियों वाले संस्थान में 3 और 750 से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ने वाले संस्थान में 4 सुरक्षा गार्ड तैनात करना जरूरी है। जबकि एक हजार विद्यार्थियों वाले कालेज में 5 सुरक्षा गार्ड रखना अनिवार्य है।
अधिकारियों के मुताबिक, जुलाई में इस नियम के लागू होने के बाद बहुत कम कालेजों को संबद्धता जारी हुई थी। मगर 2024-25 सत्र के लिए कालेजों की तरफ से पाठ्यक्रम नवीनीकरण, सीट वृद्धि, नए पाठ्यक्रम के लिए आवेदन आने लगे हैं। उसके बाद विश्वविद्यालय कालेजों का दौरा करेंगी। अनियमितता मिलने पर संबद्धता जारी नहीं की जाएगी।
कुलसचिव अजय वर्मा ने कहा कि कालेजों को मान्यता प्राप्त एजेंसी से सुरक्षा गार्ड की सेवाएं लेना होगी। संबद्धता प्राप्त करने के दौरान कालेजों को इन बिंदुओं पर जानकारी देना होगी। साथ ही प्रमाण भी प्रस्तुत करने की जरूरत है।
सरकारी कालेज में नजर नहीं आते गार्ड