
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अब विद्यार्थियों को डिग्री के साथ ही रोजगार के लिए भी तैयार किया जाएगा। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) पढ़ाई के दौरान ही विद्यार्थियों को रोजगार के योग्य बनाने की नई योजना पर काम कर रहा है।
इसके तहत विश्वविद्यालय अपने प्लेसमेंट सिस्टम का विस्तार कर सभी 30 विभागों को इससे जोड़ेगा। खास बात यह है कि विद्यार्थियों को कैंपस प्लेसमेंट में शामिल होने से पहले जरूरी प्रशिक्षण और सेमिनार में भाग लेना होगा। कंपनियों के विशेषज्ञ उन्हें इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षित करेंगे।
अभी तक विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट की गतिविधियां मुख्य रूप से आइटी, मैनेजमेंट और कामर्स जैसे विभागों तक सीमित रही हैं। इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को कंपनियों में नौकरी के ज्यादा अवसर मिलते हैं, जबकि अन्य विषयों के विद्यार्थियों को अपेक्षाकृत कम मौके मिल पाते हैं। अब विश्वविद्यालय इस अंतर को कम करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत फार्मेसी, इकोनामिक्स, फारेन ट्रेड, लाइफ साइंस, बायोकेमिस्ट्री और स्किल डेवलपमेंट सहित सभी विभागों को प्लेसमेंट से जोड़ने की योजना है।
विद्यार्थियों को रोजगार के योग्य बनाने के लिए प्रशिक्षण दो चरणों में दिया जाएगा। पहले चरण में उनके व्यक्तित्व और संवाद कौशल को बेहतर बनाया जाएगा। इसमें कम्युनिकेशन स्किल, इंटरव्यू देने का तरीका, व्यक्तित्व विकास और हिंदी-अंग्रेजी में प्रभावी बातचीत करना सिखाया जाएगा।
इससे विद्यार्थी इंटरव्यू के दौरान आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख सकेंगे। दूसरे चरण में विषय के अनुसार विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। संबंधित क्षेत्र की कंपनियों के विशेषज्ञ और इंडस्ट्री प्रतिनिधि विद्यार्थियों को व्यावहारिक जानकारी देंगे। इससे उन्हें समझने में मदद मिलेगी कि नौकरी के दौरान किस तरह के काम और कौशल की जरूरत होती है।
विश्वविद्यालय की योजना अलग-अलग विषयों से जुड़ी कंपनियों को कैंपस प्लेसमेंट के लिए आमंत्रित करने की है। इसके लिए आइटी और कामर्स के अलावा फार्मेसी, फारेन ट्रेड, इकोनामिक्स और लाइफ साइंस जैसे क्षेत्रों की कंपनियों से भी संपर्क बढ़ाया जाएगा। कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई ने बताया कि सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर योजना पर चर्चा की गई है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिग्री के साथ रोजगार से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव और जरूरी कौशल भी देना है। इससे पढ़ाई पूरी करने के बाद उनके लिए नौकरी पाने की राह आसान हो सकेगी।