नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : इंदौर से दुबई के लिए संचालित उड़ान का संचालन विगत दिनों बंद कर दिया गया। इसके स्थान पर सप्ताह में दो दिन चलने वाली शारजाह की उड़ान को चार दिन कर दिया गया। इससे जाने वाले इंदौर के यात्रियों को शारजाह पहुंचकर सड़क मार्ग से दुबई जाना पड़ता है।
दुबई जाने वालों की संख्या सर्वाधिक है। इसलिए ट्रेवल्स एजेंटों ने एयर लाइंस कंपनी और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से फिर से दुबई उड़ान शुरू करने की मांग की है।
इंदौर से दुबई के लिए एकमात्र सीधी उड़ान को विगत दिनों एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा बंद कर दिया गया। उड़ान बंद होने से यात्रियों को दुबई जाने के लिए शारजाह जाना पड़ रहा है। यहां से सड़क मार्ग से दुबई जाना पड़ता है।
ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि एसोसिएशन ने दुबई उड़ान फिर से संचालित करने के लिए एयरलाइंस कंपनी और उड्यन मंत्रालय को लिखा है। इंदौर से दुबई जाने वालों की संख्या सर्वाधिक है। कोविड से पहले भी इंदौर से सप्ताह में तीन दिन दुबई की उड़ान संचालित की जाती थी। इन उड़ानों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा था। कोविड़ के बाद एक उडा़न संचालित की गई। इसको को भी अब बंद कर दिया गया है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन का कहना है कि इंदौर से दुबई और सिंगापुर उड़ान शुरू करने की मांग एसोसिएशन द्वारा की गई है। दुबई से वेस्टर्न वर्ड युरोप, अफ्रिका, यूएसए, कनाड़ा और खाड़ी देशों के लिए कनेक्टिंग उड़ाने बहुत उपलब्ध हैं, जबकि सिंगापुर से ईस्टन वर्ड के जापान, चीन, हांकांग, इंडोनेशिया आदि देशों के लिए कनेक्टिविट मिलती है।
ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमेन शैलेंद्र खरे का कहना है कि इंदौर से दुबई जाने वालो की संख्या सर्वाधिक है। सीधी उड़ान बंद होने से लोग शारजाह की उड़ान से भी जा रहे है, लेकिन इसके लिए होटल और टैक्सी का खर्च यात्रियों पर अधिक आ रहा है। इससे बचने के लिए लोग इंदौर से मुंबई जाकर दुबई की यात्रा कर रहे है।