
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बजरंग नगर में बुधवार को बदमाशों ने उत्पात मचाया। मोमोज दुकान संचालक के साथ मारपीट की और खौलता तेल उड़ेल दिया। हीरानगर पुलिस के अनुसार आरोपित शुभम पंडित, अमन गेले और उसके दो साथी फरियादी समीर मोरे से रुपयों की मांग कर रहे थे। एक अन्य दुकान संचालक हर्ष गणगोरे को भी धमकाया गया।
आरोपियों ने रुपये न देने पर चाकू निकाला और हर्ष पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने कढ़ाई से गर्म तेल उड़ेल दिया। इससे समीर की पीठ, हाथ आदि झुलस गए। पुलिस ने दो के खिलाफ नामजद कायमी की। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
उस समय दुकान पर बच्चे और युवतियां भी मौजूद थीं। बदमाशों ने दुकान में रखा सामान उठाकर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया और चाकू लहराए। काफी देर तक पुलिस भी मौके पर नहीं पहुंची। इससे वहां अफरातफरी मच गई और लोग डरकर अपने घरों में चले गए।
भंवरकुआं क्षेत्र में बुधवार रात स्कूटर टकराने पर विवाद हो गया। युवकों ने बुजुर्ग सहित तीन लोगों के साथ मारपीट कर दी। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ब्रह्मपुरी कालोनी निवासी 66 वर्षीय संजय हार्डिया की शिकायत पर निखार निवासी तेजपुर गड़बड़ी, चेतन परमार और महावेंद्र पगारे निवासी तेजपुर गड़बड़ी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार घटना ब्रह्मपुरी कॉलोनी (भोला राम उस्ताद मार्ग) की है। हार्डिया किराना दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसके बाद वह भाई विनोद हार्डिया से बात करने लगे। इसी दौरान स्कूटर से गुजर रहे युवकों ने वहां खड़े कृष्णा को स्कूटर से टक्कर मार दी।
आरोपियों ने कृष्णा के साथ मारपीट शुरू कर दी। बचाव करने पर आरोपितों ने संजय और विनोद पर भी हमला कर दिया। विनोद के पेट और हाथ में चाकू से वार करने का आरोप है। इस विवाद में उसकी सोने की चेन भी टूटकर गिर गई। काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
यह भी पढ़ें- इंदौर में खाकी पर फर्जीवाड़े का दाग, 30 साल तक नकली मार्कशीट से नौकरी करता रहा ASI, जांच के बाद FIR दर्ज