
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जिन घरों को बनाने में जिंदगीभर की कमाई लगा दी और जिनकी दीवारों के बीच परिवार सुरक्षित महसूस कर रहा था, वे आशियाने अब मलबे का ढेर बन चुके हैं। इस मलबे में लोग अपनी जिंदगी की बची-खुची निशानियां तलाशते नजर आए। कृष्णबाग कॉलोनी में एक दिन पहले तक जहां दो से तीन मंजिला मकान खड़े थे, वहां अब ईंट, पत्थर, सरिये और टूटे दरवाजों का ढेर लगा है।
कोई हथौड़ी-कटर से सरिये निकाल रहा था, तो कोई साबुत बची ईंटें समेट रहा था। घर उजड़ने का दर्द चेहरे पर साफ था, लेकिन पेट और परिवार की जिम्मेदारी के चलते लोग अपने ही आशियाने का मलबा छांटने में जुटे थे।
ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2 (क) स्थित कॉलोनी में 42 मकानों को जमींदोज किए जाने के बाद मंगलवार को रहवासी सुबह से मलबे में अपना सामान खोजते रहे। किसी को घर का दरवाजा मिला तो किसी को छत का सरिया। कल तक जिन कमरों में परिवार रहता था, आज वहां खड़े होकर लोग पहचानने की कोशिश कर रहे थे कि उनका घर किस जगह था। कई परिवारों को अब किराये के मकानों में ठिकाना तलाशना पड़ा है।
रहवासी कन्हैयालाल यादव ने बताया कि चार महीने पहले ही टीन शेड हटाकर पक्की छत डलवाई थी। उन्हें कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी। उनका कहना है कि मकान की रजिस्ट्री है और नगर निगम का टैक्स भी भरते रहे हैं। यदि वे कब्जाधारी थे तो रजिस्ट्री कैसे हुई और बैंक ने मकान पर लोन कैसे दिया?
कन्हैयालाल उसी मकान के मलबे से सरिये निकाल रहे थे और उनका परिवार किराये के कमरे में रहने को विवश है। कृष्णबाग कॉलोनी के अन्य सेक्टर तक जाने के लिए जहां कार्रवाई हुई, वहां से रास्ता जाता है। अब लोगों को चिंता हो रही है कि यदि यहां से रास्ता बंद हो गया, तो वे कहां से आना-जाना करेंगे।
कार्रवाई से नाराज रहवासियों ने मलबे के ढेर पर बैनर लगाकर सरकार और प्रशासन से जवाब मांगा है। उनका सवाल है कि यदि वे कब्जाधारी थे तो उनकी रजिस्ट्रियां कैसे हुईं? नगर निगम ने टैक्स क्यों लिया और उन्हें बेघर किसके इशारे पर किया जा रहा है? रहवासियों ने न्याय दिलाने की मांग की है।
कॉलोनी के 22 मकानों को न्यायालय से स्टे मिला हुआ है, लेकिन आसपास के मकान टूटने और मलबे के ढेर के बीच रह रहे परिवारों की चिंता बढ़ गई है। नीरज जीरवाल का कहना है कि उनके मकान पर स्टे है, फिर भी कार्रवाई के बाद पैदा हुए हालात ने परेशानी बढ़ा दी है। वे न्यायालय में मजबूती से अपना पक्ष रखेंगे।
प्रशासन को 26 नवंबर तक कार्रवाई और मलबा हटाने की जानकारी हाई कोर्ट को देना है। हालांकि, प्रशासन और नगर निगम का अमला मलबा हटाने नहीं पहुंचा। लोग खुद ही उसमें से उपयोगी सामान निकालते रहे। वर्षों तक साथ रहने वाले पड़ोसी बिछड़ गए और जिन घरों में कभी परिवार बसते थे, वहां अब सिर्फ मलबा है।