
Dental Health: विनय यादव, इंदौर (नईदुनिया)। ये दुनिया हमें हमारे चेहरे से जानती हैं। व्यक्तित्व की खामियों-खूबियों से तो मेल-मुलाकातों के बाद पता चलता है, लेकिन सबसे पहले सामने आता है चेहरा। इस चेहरे की खूबसूरती का एक बड़ा हिस्सा होते हैं हमारे दांत। यदि दांत अत्यधिक टेढ़े-मेढ़े या असामान्य हों, तो कुछ हद तक इसका असर आत्मविश्वास पर भी पड़ता है। यही वजह है कि इंदौर में अब दांतों की सही बनावट पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लोग अपने चेहरे को सुंदर बनाने, व्यक्तित्व को प्रभावी बनाने और अपने प्रोफेशन के लिए अपना आत्मविश्वास बढ़ाने की कवायद में दंतपंक्ति को सुंदर बनवा रहे हैं। क्या है स्माइल डिजाइनिंग का यह ट्रेंड...आइए जानते हैं।
हमारी मुस्कुराहट हमारे व्यक्तित्व के बारे में बहुत कुछ बताती है और अच्छी मुस्कुराहट में अच्छे दांतों की अहम भूमिका होती है। यही वजह है कि आकर्षक मुस्कान के लिए लोगों में ‘स्माइल डिजाइनिंग’ का क्रेज बढ़ता जा रहा है। अच्छी मुस्कुराहट पर लोग लाखों रुपये तक खर्च करने लगे हैं। एक वक्त था जब डेंटिस्ट के पास लोग सिर्फ दांतों का दर्द दूर करवाने, दो दांतों के बीच की गैप भरवाने या खराब दाढ़-दांत निकलवाने ही जाते थे, लेकिन बदलते वक्त के साथ मरीजों की डिमांड भी बदल गई है। अब युवाओं से लेकर बुजुर्ग तक डेंटिस्ट के पास अपनी स्माइल डिजाइन करवाने पहुंच रहे हैं। दांतों को परफेक्ट शेप में लाने के लिए, मसूड़ों को गुलाबी दिखाने के लिए और ऐसी ही कई अलग-अलग फरमाइशों के साथ पहुंच रहे हैं।
करियर को सही ऊंचाई देने की चाहत में भी युवा बड़ी संख्या में डेंटिस्ट के पास पहुंचकर अपनी स्माइल की डिजाइनिंग करवा रहे हैं। स्माइल डिजाइनिंग में दांतों की गैप दूर करना, टेढ़े-मेढ़े या टूटे हुए दांतों को ठीक करना व दांतों को चमकाना जैसी चीजें शामिल हैं। इसके लिए क्राउन वेनिर आदि का इस्तेमाल किया जाता है। इसके लिए 15 हजार से इलाज शुरू होता है, जो लाखों रुपये तक जाता है।
इंदौर की रहने वाली श्रेया वर्मा मुंबई की थ्री स्टार होटल में रिसेप्शनिस्ट हैं। उनके दांतों में पीलापन था और वे टेढ़े-मेढ़े थे। ऐसे में वीआइपी लोगों से बात करने में उन्हें असहजता होती थी। श्रेया ने बताया कि स्माइलिंग डिजाइनिंग के बाद से अब सबसे हंसकर बात करने लगी हूं। दांतों में चमक आने से चेहरे पर भी रौनक आ गई है। इंदौर में सस्ते में इलाज होता है, इसलिए यहां करवाया है। बड़ी कंपनी में मार्केटिंग की नौकरी करने वाले प्रतीक कदम के दांतों में पीलापन था, इसलिए उन्होंने स्माइल डिजाइनिंग करवाया। अब उनके दांत सफेद हैं। वे कहते हैं, अब किसी के सामने जाने में संकोच नहीं करता, खुलकर हंसता हूं। माडलिंग में करियर बना रहीं रोमा राय टेढ़े दांत के कारण हिचकिचाती थीं। उन्होंने इनविसिबल ब्रेसेस लगवाए, तो दांत बिल्कुल सीधे दिखाई देने लगे। इससे उनका करियर भी अब बेहतर हो रहा है।
दांतों में तार लगवाकर उन्हें ठीक करने के बजाय अब इनविसिबल ब्रेसेस के माध्यम से टेढ़े-मेढ़े दांतों को ठीक करवाने का चलन है। इसकी खासियत यह है कि दांतों में इसे लगाने के बाद यह दिखाई भी नहीं देता कि कुछ लगाया गया है। अब तो अधिकांश लोग इनविसिबल ब्रेसेस के माध्यम से ही दांतों को सही करवा रहे हैं। इसे पूरे समय लगाकर रखा जा सकता है। हालांकि बस खाना खाने के दौरान इसे निकालना पड़ता है। आधुनिक मशीनों के माध्यम से डाक्टर इनविसिबल ब्रेसेस लगाने से पहले ही स्कैनर मशीन से बता देते हैं कि इसके इस्तेमाल के बाद आपके दांत कैसे दिखाई देंगे। ब्रेसेस 30 हजार रुपये से शुरू होते हैं और इनका मूल्य भी स्टैंडर्ड के अनुसार लाखों तक जाता है। कुछ वर्ष पहले तक इस तरह के उपचार के लिए मुंबई या दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब यह इंदौर में सहजता से उपलब्ध है।
दंत रोग विशेषज्ञ डा. कुमार प्रशांत का कहना है कि स्माइल डिजाइनिंग करवाने के लिए लोगों में क्रेज बढ़ता जा रहा है। इसकी मदद से उन्हें एक सुंदर मुस्कुराहट मिल जाती है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही अभी इनविसिबल ब्रेसेस के लिए भी बड़ी संख्या में मरीज आ रहे हैं।