
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर । महिला सुरक्षा और नशे के खिलाफ संयुक्त रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से शुक्रवार 7 अगस्त को इंदौर में अहम बैठक आयोजित होगी। इसमें गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र तथा केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शामिल होंगे।
बैठक में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय, अंतरराज्यीय अपराधों पर अंकुश, मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क पर संयुक्त कार्रवाई और राज्यों के बीच सूचना साझा करने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा होगी।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सीमावर्ती राज्यों के बीच ड्रग्स तस्करी के नए तरीकों, संगठित अपराध पर संयुक्त अभियान और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी मंथन किया जाएगा। महिला अपराधों की जांच, त्वरित कार्रवाई और पीड़ित सहायता तंत्र को मजबूत बनाने पर भी विशेष फोकस रहेगा।
'नशामुक्त भारत' बैठक में मुख्य विषय रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में 'नशामुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया है, इसलिए सबसे अधिक जोर नशे के अवैध कारोबार पर ही रहेगा। बैठक में अंतरराज्यीय ड्रग गिरोहों और अन्य अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए साझा रणनीति बनेगी
बैठक में सिंहस्थ-2028 और अगले साल नासिक में होने वाले कुंभ-2027, साइबर अपराध, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, ड्रग तस्करों के बदलते तौर-तरीके, राज्यों के बीच बेहतर तालमेल, खुफिया जानकारी साझा करने, सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते नेटवर्क, सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी और बड़े तस्करों के विरुद्ध संयुक्त अभियानों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
देश के कई राज्यों के शीर्ष पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी के चलते इंदौर शुक्रवार को राष्ट्रीय स्तर की पुलिस रणनीति का अहम केंद्र बनने जा रहा है। डीसीपी जोन-2 अमनसिंह राठौड़ के मुताबिक बैठक में सिंहस्थ-2028 और और साइबर सुरक्षा पर भी चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें- कल इंदौर में जुटेंगे 6 राज्यों के डीजीपी: आंतरिक सुरक्षा, सिंहस्थ-2028 और नशा तस्करी के खिलाफ बनेगी संयुक्त रणनीति