खजराना गणेश मंदिर में नए अन्न क्षेत्र का शुभारंभ, अब निःशुल्क भोजन
खजराना गणेश मंदिर में शनिवार को 1.50 करोड़ की लागत से बने नए अन्नाक्षेत्र का शुभारंभ वास्तु पूजन के साथ हुआ।
By
Edited By:
Publish Date: Sun, 26 Jul 2015 04:00:12 AM (IST)
Updated Date: Sun, 26 Jul 2015 08:20:46 AM (IST)

इंदौर। खजराना गणेश मंदिर में शनिवार को 1.50 करोड़ की लागत से बने नए अन्न क्षेत्र का शुभारंभ वास्तु पूजन के साथ हुआ। मंदिर की प्रबंधकारिणी समिति ने तय किया कि अब अन्नाक्षेत्र में भोजन निःशुल्क रहेगा, जबकि पहले इसके लिए प्रति व्यक्ति 10 रुपए लिए जाते थे। सुबह-शाम दो की बजाय एक ही शिफ्ट में भोजन का इंतजाम रहेगा। इसका समय सुबह 11 से शाम 4 बजे तक तय किया गया है।
अन्नाक्षेत्र के शुभारंभ पर मंदिर समिति के अध्यक्ष व कलेक्टर पी. नरहरि, मंदिर प्रशासक एवं नगर निगम कमिश्नर मनीषसिंह और विधायक महेंद्र हार्डिया भी मौजूद थे। मुख्य पुजारी मोहन भट्ट व अशोक भट्ट ने पूजन कराया। भोजन प्रसादी का वितरण हुआ। अन्न क्षेत्र में कार्यालय के अलावा कॉन्फे्रंस हॉल भी बनाया गया है।
हाईटेक भोजनशाला
अन्न क्षेत्र में हाईटेक भोजनशाला बनाई गई है। इसमें आटा गूंथने और रोटी बनाने की मशीनें भी लगाई गई हैं। मसाला पीसने के लिए भी मशीन है। अन्नाक्षेत्र में 200 लोग एकसाथ भोजन कर सकेंगे। अन्नाक्षेत्र की व्यवस्था संभालने के लिए उप समिति बनाई गई है। इसमें अशोक भट्ट, सुनील पाटीदार, महाराजसिंह कुशवाह, अमृतलाल तेजापुरिया, जयदेव भट और प्रकाश दुबे को नियुक्त किया गया है। ये सदस्य भोजन की व्यवस्था और गुणवत्ता पर नजर रखेंगे।
कर सकते हैं अन्न दान
अन्न क्षेत्र में अन्नादान के इच्छुक लोग दान भी कर सकते हैं। इसके तहत 5101 रुपए दान देकर 201 और 11000 रुपए में 451 लोगों को भोजन करा सकते हैं। समिति द्वारा ऐसी व्यवस्था करने के प्रयास किए जाएंगे कि अन्न क्षेत्र में साल के 365 दिन दान के जरिए भोजन का इंतजाम हो सके।