
Indore News: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। पालदा क्षेत्र में बेसन निर्माण के दो कारखानों में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के दलों ने छापामार कार्रवाई की। दोनाें कारखानों में भारी गंदगी के बीच बेसन का निर्माण किया जा रहा था। तीन इमली चौराहे की संजय एग्रो इंडिया फैक्ट्री में जमीन पर दालें और बेसन फैलाकर पैकिंग की जा रही थी। कारखाने की दीवारें जर्जर थीं और प्लास्टर उखड़ रहा था। दीवारों पर जाले लगे थे और चारों ओर गंदगी फैली थी। उधर पालदा क्षेत्र में ही फंगूलाल कल्याण अग्रवाल फर्म में भी गंदगी के बीच चना दाल फर्श पर फैलाकर बेसन का निर्माण किया जा रहा था।
संजय एग्रो इंडिया के संचालक मनोज पंजवानी के खिलाफ आजाद नगर थाने पर और फंगूलाल कल्याण अग्रवाल फर्म के संचालक मोहनलाल अग्रवाल और प्रभारी विकास अग्रवाल के खिलाफ भंवरकुआं थाने पर एफआइआर दर्ज कराई गई। कार्रवाई के लिए पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संजय एग्रो इंडिया के संचालक मनोज से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह किराए के भवन में कारखाना चला रहा है, इसलिए रंगाई-पुताई नहीं करवा रहा है। कारखाने संचालक के इस बचकाने बहाने पर अधिकारियों को भी गुस्सा आया।
उन्होंने कहा कि किराए के भवन में भी सफाई तो रखी जा सकती है। मनोज के पास इसका कोई जवाब नहीं था। कार्रवाई के लिए पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष खेड़कर, पुष्पक द्विवेदी, राकेश त्रिपाठी और शरदचंद्र साहू ने दोनों कारखाना संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर ने बताया कि कारखानों की जांच की जाएगी और अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर इन्हें तोड़ने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
आठ दिवसीय जैनत्व बाल संस्कार शिविर कल से
आठ दिनी ग्रीष्मकालीन जैनत्व बाल संस्कार शिविर एयरपोर्ट रोड स्थित पंच बालयति जिनालय पर 24 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन एक मई तक आयोजित होगा। इस शिविर में आठ से 16 वर्ष आयु समूह के 600 से अधिक बच्चे सदाचार, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के साथ जैन धर्म की शिक्षा प्राप्त करेंगे। इन्हें संस्कारित करने के लिए देश के विभिन्ना शहरों से 15 से अधिक विद्वान आएंगे। कार्यक्रम संयोजक विजय बड़जात्या व महामंत्री सुशील काला ने बताया कि पिछले 21 वर्षों से चल रहे इस शिविर में सुबह 6.30 से 11.45 बजे तक प्रवेश लेने वाले बच्चों को मुफ्त किट-बैग, धार्मिक पुस्तकों के साथ सुबह दूध, चाय-नाश्ता व दोपहर का भोजन भी दिया जाएगा।