
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हाईड्रेंट से पानी भरने की बात को लेकर हुए भाजपाइयों के आपसी विवाद मेें पुलिस ने चार आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया। आरोपितों के नाम केशव मीणा, महेश मीणा, मोहित मीणा और मनीष मीणा है।
पुलिस ने फरियादी अजय शेखावत की शिकायत पर आरोपितों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296 (बी), 115(2), 351(3) में केस दर्ज किया है। शेखावत ने पुलिस को बताया कि 16 जून 2026 की रात करीब पौने दस बजे वह सरकारी बोरिंग से टैंकरों में पानी भरवा रहा था, कि आरोपी केशव मीणा अन्य के साथ पहुंचा। उसने टैंकर में पानी भर रहे पाइप को खींचा और रिक्शा में रखे ड्रम भरने लगा। जब उसे ऐसा करने से रोका तो उसने साथियों के साथ मिलकर चाकू और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। बाद में आरोपी मौके से भाग निकले।
मंगलवार रात हुए इस विवाद को लेकर मूसाखेड़ी चौराहा पर देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पार्षद मलखानसिंह कटारिया ने बताया कि आरोपित भी भाजपा कार्यकर्ता हैं और बाबुलाल नगर में रहते हैं। आरोपित केशव मीणा के मकान का निर्माण चल रहा है।
इस वजह से उसे अतिरिक्त पानी चाहिए होता है। इसके पहले भी वह कई बार हाईड्रेंट से जबरन ड्रम भराकर ले गया है। मंगलवार रात भी उसने ऐसा ही करने का प्रयास किया था। हमने उसे समझाया कि लोगों के लिए टैंकर ज्यादा जरूरी है, लेकिन वह विवाद करने लगा। विवाद के दौरान उसने साथियों के साथ मिलकर मेरे बेटे विज्जू पर हमला कर दिया। बेटा फिलहाल निजी अस्पताल में भर्ती है।
कटारिया ने बताया कि क्षेत्र के ज्यादातर बोरिंग सूख चुके हैं। बड़ी संख्या में प्रवासी लोग रहते हैं। ये लोग देर शाम काम से लौटते हैं। प्रयास करते हैं कि शाम के समय टैंकर भराए जाएं ताकि लोग आसानी से पानी भर सकें।