
इंदौर। नईदुनिया प्रतिनिधि
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पहली सड़क मंगलवार शाम आतिशबाजी के बीच एलईडी लाइट से जगमगाई। महू नाका से मालगंज चौराहा के बीच लगाई गई एलईडी सेंटर लाइटिंग का महापौर ने शुभारंभ किया। यहां 45 खंभों पर 90 से ज्यादा लाइट लगाई गई हैं। क्षेत्र की गलियों में लगाई गई 200 से ज्यादा अन्य लाइटों का भी लोकार्पण किया गया।
नगर निगम बिजली समिति प्रभारी अश्विन शुक्ल और निगम जनकार्य समिति प्रभारी शंकर यादव ने बताया स्मार्ट सिटी की पहली सड़क पर 120 वॉट की लाइट लगाई जा रही हैं। निगम ने महू नाका से टोरी कॉर्नर और बड़ा गणपति से जिंसी बस डिपो रोड पर सेंटर लाइटिंग लगाने का काम 2.45 करोड़ रुपए में ठेकेदार कंपनी को सौंपा है। कंपनी दोनों सड़कों पर डिवाइडर भी बना रही है। उसे पांच साल तक लाइट का रखरखाव भी करना होगा। महापौर मालिनी गौड़ ने कार्यक्रम में बताया कि निगम शहर में 42 हजार एलईडी लगा रहा है।
राजमोहल्ला चौराहा से अन्नापूर्णा रोड तक का हिस्सा भी हुआ रोशन
निगम ने राजमोहल्ला चौराहा से अन्नापूर्णा रोड तक के हिस्से में भी एलईडी लाइट लगाईं। साथ ही हाईमास्ट पर भी एलईडी फिटिंग लगाई गई हैं। महापौर ने सोमवार शाम एलईडी लाइट का लोकार्पण किया। शुक्ल ने बताया कि उक्त कार्य पर करीब 72 लाख रुपए खर्च हुए। हाईमास्ट में एलईडी लगाने का काम राजमोहल्ला चौराहा, गंगवाल बस स्टैंड चौराहा, अन्नापूर्णा मंदिर, चाणक्यपुरी चौराहा और वैशाली नगर चौराहे पर किया गया।